भिण्ड, 27 मार्च। वंदनीय माताजी की जन्म शताब्दी एवं अखण्ड दीप प्रज्वलन शताब्दी वर्ष 2026 के उपलक्ष्य में शांतिकुंज हरिद्वार में लिए गए संकल्प साधना एवं माता भगवती की 9 दिवसीय साधना की पूर्णाहुति का आयोजन पंच कुण्डीय यज्ञ के रूप में शुक्रवार को गायत्री प्रज्ञापीठ कुम्हरौआ रोड भिण्ड पर सुबह 8 बजे से प्रारंभ होकर चार पालियों में संपन्न हुआ। हवन यज्ञ कार्यक्रम के बीच में रामनवमी पूजन के तहत भगवान राम के दरबार का विधि विधान से पूजन किया गया। भोजन व्यवस्था के अंतर्गत सर्वप्रथम कन्याओं को भोजन कराने उपरांत सभी साधक भाई बहनों ने प्रसादी ग्रहण की। कार्यक्रम में मंच संचालन व यज्ञाचार्य का कार्य चन्द्रकांता भदौरिया एवं प्रतिभा सिकरवार द्वारा संयुक्त रूप से किया गया। साधक भाई बहन व संगठन के सभी कार्यकर्ताओं ने कार्यक्रम में भाग लेकर गुरुदेव एवं माताजी का आशीर्वाद लाभ प्राप्त किया।
गोहद में पूर्णाहुति के साथ नवदुर्गा महोत्सव का समापन

गायत्री शक्तिपीठ गोहद पर नवदुर्गा महोत्सव का आयोजन भक्तिभाव से किया गया। नौ दिन तक चले कार्यक्रम में प्रतिदिन यज्ञ के साथ आहुति डालकर विश्व के कल्याण की कामना की गई, साथ ही यहां विभिन्न संस्कार भी दिए गए। अष्टमी को कन्या भोज के साथ कार्यक्रम संपन्न हुआ। इस अवसर पर शैलेन्द्र भदौरिया, सुभाष सिंघल, यजवेन्द्र श्रीवास्तव, रामहेत कुशवाह, रामकुमार गौड, योशेन्द्र भदौरिया, छोटू तोमर, मीरा गुप्ता, गीता पहाड़िया, सुलेखा सिंघल, रजनी गांगिल, मीरा कुशवाह आदि उपस्थित थे।


