– सुहागिन महिलाओं ने विधि विधान से मनाया करवा चौथ का त्योहार
भिण्ड, 29 अक्टूबर। पति की दीर्घायु, सुख-समृद्धि और खुशहाल दांपत्य जीवन की कामना के साथ सुहागिन महिलाओं ने गुरुवार को करवा चौथ का व्रत श्रद्धा और उल्लास के साथ मनाया। सुबह से ही घरों में पर्व की तैयारियां शुरू हो गईं। महिलाओं ने परंपरागत विधि-विधान से पूजा-अर्चना की और दिनभर निर्जला व्रत रखकर अपने पति की लंबी उम्र की कामना की।
भारतीय सनातन संस्कृति की परंपरा के अनुसार कार्तिक मास की कृष्ण पक्ष की चतुर्थी को करवा चौथ का निर्जला व्रत रखा जाता है। शाम को महिलाएं अपने-अपने घरों में एकल तथा सामूहिक रूप से पूजा अर्चना कर अपने पति की लम्बी उम्र एवं अपने वैवाहिक जीवन को सुखमय बनाने की कामना करती हैं। इसके उपरांत रात को चांद को अर्घ्य देने के बाद पति के हाथ से अपना व्रत तोड़ती हैं। सुहागिन महिलाओं के लिए यह सबसे महत्वपूर्ण व्रत उत्सव है। भारतीय सनातन संस्कृति की परंपरा के अनुसार करवा चौथ का दिन सुहागिन महिलाओं के लिए बेहद खास होता है। दीपावली उत्सव से पहले पड़ने वाले इस वृत के लिए पूरे बाजार में रौनक आ जाती है, जगह-जगह करवा व सींख बेचने के स्टाल लग जाते हैं।
करवा चौथ के अवसर पर महिलाओं ने श्रृंगार कर पूजा की थाली सजाई। शाम को शुभ मुहूर्त में करवा माता की पूजा-अर्चना की गई तथा व्रत कथा का श्रवण किया। महिलाओं ने एक-दूसरे को करवा चौथ की शुभकामनाएं दीं और पारंपरिक रीति-रिवाजों का निर्वहन किया। रात में चंद्रमा के उदय होने पर व्रती महिलाओं ने छलनी से चांद और अपने पति के दर्शन किए। चंद्रमा को अर्घ्यं अर्पित करने के बाद पति के हाथों जल ग्रहण कर व्रत का पारण किया। पर्व को लेकर महिलाओं में विशेष उत्साह देखने को मिला। करवा चौथ ने पारिवारिक आत्मीयता, प्रेम और दांपत्य संबंधों की मधुरता को एक बार फिर उजागर किया।


