भिण्ड, 29 अक्टूबर। अमायन क्षेत्र के ग्राम टकपुरा निवासी बलवीर सिंह सिकरवार के इकलौते पुत्र एवं पूर्व नौसैनिक कमलकिशोर सिंह सिकरवार का सड़क दुर्घटना में निधन हो जाने पर आज उनके गृह ग्राम में सैकड़ों लोगों ने नम आंखों से उन्हें अंतिम विदाई दी। उनके असामयिक निधन से परिवार सहित संपूर्ण समाज में शोक की लहर है।
कमलकिशोर सिंह सिकरवार न केवल देशभक्त पूर्व सैनिक थे, बल्कि एक कर्मठ समाजसेवी भी थे। वे 31 अगस्त 2026 को भारतीय नौसेना से सेवानिवृत्त होकर अपने गृह क्षेत्र लौटे थे। सेवानिवृत्ति के बाद उन्होंने अमायन में डिफेंस एकेडमी का संचालन शुरू किया था, जिसके माध्यम से वे युवाओं को रक्षा सेवाओं में जाने के लिए प्रेरित कर रहे थे। मात्र 34 वर्ष की आयु में उनका इस तरह दुनिया से चले जाना समाज के लिए अपूरणीय क्षति है। वे अपने पीछे वृद्ध माता-पिता, पत्नी और दो छोटी-छोटी बेटियों को छोड़ गए हैं। उनके निधन से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।
उनकी अंतिम विदाई के अवसर पर भारतीय नौसेना में उनके साथ सेवा दे चुके साथी भी उपस्थित रहे। इसके अतिरिक्त क्षत्रिय वार्ता परिवार ग्वालियर, क्षत्रिय समाज सुधार संघ भिण्ड, ग्रामोत्थान फाउण्डेशन अमायन, दलकू बाबा सेवा समिति सरसैनी (मुरैना), क्षत्रिय सेवा समिति ग्वालियर तथा नवसृजन सामाजिक संस्था अमायन सहित विभिन्न सामाजिक संगठनों के कार्यकर्ताओं ने उपस्थित होकर दिवंगत पूर्व सैनिक एवं युवा समाजसेवी को श्रद्धांजलि अर्पित की। इस दुखद घड़ी में जिला सैनिक कल्याण कार्यालय भिण्ड तथा सभी सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधियों एवं उपस्थित लोगों ने शोक संतप्त परिवार को सांत्वना देते हुए उन्हें ढांढस बंधाया तथा दिवंगत आत्मा के प्रति अपनी श्रद्धा व्यक्त की।


