– पर्यटन को बढ़ावा देने और अवैध उत्खनन पर अंकुश लगाने हेतु कार्ययोजना तैयार करने दिए निर्देश
भिण्ड, 29 अक्टूबर। कलेक्टर पवन जैन और एसपी सूरज कुमार वर्मा द्वारा क्षेत्र में कानून व्यवस्था को सुदृढ़ करने, प्राकृतिक व ऐतिहासिक संपदाओं के संरक्षण तथा पर्यटन की संभावनाओं को तलाशने के उद्देश्य से अटेर का संयुक्त दौरा किया गया। उन्होंने ऐतिहासिक अटेर किला तथा चंबल नदी के तटीय इलाकों का विस्तृत निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने संबंधित अधिकारियों को सुरक्षा व्यवस्था दुरुस्त करने और विकास कार्यों को गति देने के संबंध में आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए।
कलेक्टर पवन जैन और एसपी ने सबसे पहले अटेर के ऐतिहासिक फोर्ट का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने किले की स्थापत्य कला, सुरक्षा व्यवस्था और वहां आने वाले पर्यटकों की सुविधाओं का जायजा लिया। उन्होंने कहा कि अटेर का किला क्षेत्र की ऐतिहासिक धरोहर है और यहां पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए अपार संभावनाएं हैं। उन्होंने पुरातत्व और स्थानीय प्रशासन के समन्वय से पर्यटन विकास योजनाएं तैयार करने पर बल दिया, ताकि इस ऐतिहासिक स्थल को राष्ट्रीय पटल पर विशेष पहचान मिल सके।
इसके पश्चात चंबल नदी के तटीय क्षेत्र/ घाटों का निरीक्षण कर अवैध रेत उत्खनन तथा परिवहन से जुड़ी गतिविधियों पर अंकुश लगाने के लिए एसडीएम और पुलिस को स्पष्ट निर्देश दिए की अवैध उत्खनन में संलिप्त माफियाओं के खिलाफ जीरो टॉलरेंस की नीति अपनाई जाए। साथ ही नदी के संवेदनशील रास्तों पर गश्त बढ़ाने, चेक पोस्ट सक्रिय करने और पकड़े जाने पर सख्त कानूनी व दंडात्मक कार्रवाई करने की हिदायत दी गई।
निरीक्षण के दौरान मौके पर एसडीएम अटेर, डिप्टी कलेक्टर कविता, एसडीओपी अटेर रविन्द्र वास्कले तथा थाना प्रभारी अटेर सहित पुलिस और वन विभाग, राजस्व विभाग का अमला उपस्थित रहा। वरिष्ठ अधिकारियों ने अधीनस्थ अमले को आपसी समन्वय के साथ काम करने और क्षेत्र में शांति व सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के निर्देश दिए।


