निबंध प्रतियोगिता में गजराज ने प्राप्त किया प्रथम स्थान
✍️ राधाकृष्ण यादव
भिण्ड /मौ। ग्राम खेरिया चांदन में सेवा दल युवा मंडल मौ के तत्वावधान में महान स्वतंत्रता सेनानी एवं जननायक भगवान बिरसा मुंडा जी की जयंती बड़े ही उत्साह और हर्षोल्लास के साथ मनाई गई। कार्यक्रम में भाजपा मंडल अध्यक्ष रामअख्तियार गुर्जर, पार्षद सुल्तान मौर्य, धर्मेंद्र कुशवाहा एडवोकेट, सेवादल युवा मंडल अध्यक्ष प्रशांत मौर्य महेंद्रपाल शिक्षक छत्रपाल समाजसेवी लालबहादुर समाजसेवी पुष्पेंद्र, प्रदीप, प्रताप ,मनीष, गौरव ,अनुज, सहित मंडल के सभी सदस्यों ने बढ़-चढ़कर सहभागिता निभाई।कार्यक्रम के दौरान भगवान बिरसा मुंडा के चित्र पर माल्यार्पण एवं पुष्प अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि दी गई। उपस्थित अतिथियों ने उनके जीवन संघर्ष, देश की आजादी में योगदान और आदिवासी समाज के अधिकारों के लिए किए गए ऐतिहासिक आंदोलन को याद किया। वक्ताओं ने कहा कि भगवान बिरसा मुंडा का जीवन साहस, संघर्ष, स्वाभिमान और देशभक्ति की प्रेरणा देता है। उनके आदर्शों को अपनाकर युवा पीढ़ी समाज और राष्ट्र के निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकती है।इस अवसर पर बच्चों के लिए निबंध प्रतियोगिता का आयोजन भी किया गया, जिसमें सभी बच्चों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और अपनी प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन किया। प्रतियोगिता में प्रथम स्थान गजराज, द्वितीय स्थान शिवानी तथा तृतीय स्थान अनन्या ने प्राप्त किया। विजेता प्रतिभागियों की सराहना कर उनका उत्साहवर्धन किया गया।
सेवादल युवा मंडल के अध्यक्ष प्रशांत मौर्य एवं सभी सदस्यों ने कार्यक्रम को सफल बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। आयोजन के माध्यम से बच्चों में शिक्षा के प्रति रुचि बढ़ाने, महापुरुषों के इतिहास से परिचित कराने तथा युवाओं में सामाजिक जागरूकता और राष्ट्रप्रेम की भावना विकसित करने का संदेश दिया गया।कार्यक्रम में उपस्थित सभी लोगों ने भगवान बिरसा मुंडा के आदर्शों पर चलने और समाज में शिक्षा, एकता एवं जागरूकता को बढ़ावा देने का संकल्प लिया।


