जिला चिकित्सालय के बूथ पर कलेक्टर जैन ने किया शुभारम्भ
सभी ब्लॉक मॉनिटर्स ने की सतत् मॉनिटरिंग
भिण्ड – राष्ट्रीय पल्स पोलियो अभियान 22 नवम्बर 2026 के अन्तर्गत प्रथम दिन सायं 5 बजे तक जिले भर में जन्म से पांच वर्ष तक के लगभग 2 लाख 22 हजार 724 बच्चों को दो-दो बूंद पोलियो निरोधी दवा पिलायी गयी। अभियान का शुभारम्भ कलेक्टर भिण्ड पवन जैन द्वारा जिला चिकित्सालय एन.आर.सी. के बूथ पर 0-5 वर्ष तक के बच्चों को पोलियो की दो बूंद पिलाकर किया गया।
कार्यक्रम में मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ जे.एस. यादव, सिविल सर्जन सह अस्पताल अधीक्षक डॉ आर.के. मिश्रा, जिला टीकाकरण अधिकारी, जिला स्वास्थ्य अधिकारी, जिला स्वास्थ्य अधिकारी-2 सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे। मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ जे.एस. यादव द्वारा अभियान की मॉनिटरिंग हेतु समस्त ब्लॉक पर एक-एक इंटरनल मॉनिटर नियुक्त किया गया है,
इस अभियान में कलेक्टर भिण्ड के निर्देशानुसार अन्य विभागीय अधिकारी भी अपने-अपने क्षेत्र में भ्रमण कर रहे हैं, जिससे उनके क्षेत्र में एक भी बच्चा दवा पीने से वंचित न रह जाये। जिला टीकाकरण अधिकारी द्वारा उपरोक्त जानकारी देते हुये बताया गया है कि इस बार अभियान के सफल संचालन हेतु प्रशासनिक व्यवस्था काफी अच्छी रही है, परिणाम स्वरूप बच्चों में दवा पीने हेतु अच्छा उत्साह देखने को मिला। मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ जे.एस. यादव द्वारा यह भी बताया गया कि जो बच्चे किन्हीं कारणों से आज दवा पीने से वंचित रह जाते हैं, उन्हें दिनांक 23 व 24 नवम्बर 2026 को कार्यकर्ताओं द्वारा घर-घर भ्रमण के दौरान पोलियो की दवा पिलायी जायेगी।



