– कोल्हापुर में ग्रामीण डाक सम्मेलन को करेंगे संबोधित
– बेलगावी में छत्रपति शिवाजी महाराज की प्रतिमा का करेंगे अनावरण
नई दिल्ली, 12 दिसम्बर। केन्द्रीय संचार एवं पूर्वोत्तर क्षेत्र विकास मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया 13 और 14 दिसंबर को महाराष्ट्र एवं कर्नाटक के प्रवास पर रहेंगे। दो दिनों की यह यात्रा डाक विभाग की महत्वपूर्ण पहलों की समीक्षा, स्थानीय जनसमूह से संवाद एवं सांस्कृतिक-ऐतिहासिक स्थलों के दर्शन को समर्पित होगी। इस दौरान वे बेलगावी में छत्रपति शिवाजी महाराज की प्रतिमा का अनावरण भी करेंगे।
केन्द्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया 13 दिसंबर को बॉम्बे जिमखाना में स्टाम्प विमोचन समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे। कार्यक्रम के उपरांत वे कोल्हापुर के लिए प्रस्थान करेंगे। तत्पश्चात सिंधिया कोल्हापुर में आयोजित ग्रामीण डाक सम्मेलन को संबोधित करेंगे और महाराष्ट्र सर्किल ग्रामीण डाक सेवकों से वार्तालाप करेंगे। इसके बाद सिंधिया कोल्हापुर में ज्योतिबा एवं महालक्ष्मी मंदिर के दर्शन करेंगे। प्रवास के दूसरे दिन केन्द्रीय मंत्री बेलगावी में मराठा सम्राट छत्रपति शिवाजी महाराज की प्रतिमा का अनावरण कर उसे जनता के लिए समर्पित करेंगे। यह कार्यक्रम स्थानीय नागरिकों के लिए एक विशेष गौरव का अवसर होगा, जिसमें व्यापक जनभागीदारी रहेगी।
सिंधिया का यह प्रवास ग्रामीण-शहरी कनेक्टिविटी, डाक सेवाओं के डिजिटलीकरण, जनसंवाद, एवं ऐतिहासिक धरोहरों के प्रति राष्ट्र की प्रतिबद्धता को समर्पित है। इस दौरे पर डाक विभाग के आधुनिकीकरण की प्रगति की समीक्षा, ग्रामीण डाक सेवकों से प्रत्यक्ष संवाद, महाराष्ट्र एवं कर्नाटक के ग्रामीण संपर्क तंत्र का अनुभव, स्थानीय धार्मिक स्थलों पर दर्शन और छत्रपति शिवाजी महाराज की प्रतिमा का अनावरण कर राष्ट्रनिर्माण की व्यापक संकल्प का आह्वान करेंगे।


