सुप्रयास द्वारा किड्स केयर स्कूल में संविधान दिवस पर आयोजित हुआ जागरूकता कार्यक्रम
300 विद्यार्थियों ने लिया सहभागिता
भिण्ड। संविधान केवल शासन व्यवस्था चलाने का दस्तावेज नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक के अधिकारों, कर्तव्यों, समानता, स्वतंत्रता और सामाजिक न्याय का आधार है। संविधान के मूल्यों को समझना और उन्हें अपने दैनिक जीवन में अपनाना ही एक जागरूक एवं जिम्मेदार नागरिक बनने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। इसी उद्देश्य से सामाजिक संस्था सुप्रयास द्वारा संविधान दिवस के अवसर पर किड्स केयर स्कूल, भिण्ड में “हमारा संविधान हमारा जीवन — अधिकार, कर्तव्य और एक जिम्मेदार नागरिक बनने की यात्रा” विषय पर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में लगभग 300 छात्र-छात्राओं ने सहभागिता की।
कार्यक्रम में मुख्य वक्ता शैलेश नारायण सिंह कुशवाह ने विद्यार्थियों को भारतीय संविधान की मूल भावना, नागरिक अधिकारों, मौलिक कर्तव्यों और लोकतांत्रिक व्यवस्था में प्रत्येक व्यक्ति की भूमिका के बारे में विस्तार से बताया। उन्होंने कहा कि संविधान हमें अधिकारों के साथ जिम्मेदारियों का भी बोध कराता है। एक अच्छे नागरिक की पहचान केवल अपने अधिकारों के प्रति जागरूक होना नहीं, बल्कि दूसरों के अधिकारों का सम्मान करना, नियमों का पालन करना, सामाजिक समरसता बनाए रखना और देश के प्रति अपने कर्तव्यों का निर्वहन करना भी है। विद्यार्थियों को संविधान के आदर्शों को अपने जीवन और व्यवहार में उतारने का संदेश दिया गया।
कार्यक्रम की विषय-प्रस्तावना सुप्रयास के सचिव डॉ. मनोज जैन ने प्रस्तुत की। उन्होंने संविधान दिवस के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि विद्यार्थियों एवं युवाओं में संवैधानिक चेतना विकसित करना आज की महत्वपूर्ण आवश्यकता है। शिक्षा का उद्देश्य केवल ज्ञान और रोजगार तक सीमित नहीं होना चाहिए, बल्कि ऐसे नागरिकों का निर्माण करना भी होना चाहिए जो अपने अधिकारों के प्रति सजग हों, कर्तव्यों का पालन करें और समाज के प्रति संवेदनशीलता एवं उत्तरदायित्व का भाव रखें। संविधान के मूल्यों को समझने की शुरुआत विद्यालय और परिवार से होती है, जो आगे चलकर राष्ट्र के चरित्र निर्माण में योगदान देती है।
कार्यक्रम में डायरेक्टर अनिल जैन एवं प्रिंसिपल एम.के. जैन की सहभागिता रही। शिक्षक सुनील राठौर सहित अंकुश जैन, राजीवकांत जैन, विशाल सिंह, प्राची मौर्य एवं दीपांशी जैन उपस्थित रहे। कार्यक्रम में विद्यार्थियों की बड़ी संख्या में सहभागिता ने संवैधानिक विषयों के प्रति उनकी रुचि और जागरूकता को प्रोत्साहित किया।
कार्यक्रम के माध्यम से विद्यार्थियों को यह संदेश दिया गया कि एक बेहतर भारत का निर्माण केवल सरकार या संस्थाओं की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक की सामूहिक भूमिका से संभव है। संविधान में निहित न्याय, स्वतंत्रता, समानता और बंधुत्व के आदर्श जब हमारे व्यवहार का हिस्सा बनेंगे, तभी समाज में सकारात्मक बदलाव और राष्ट्र की मजबूती का मार्ग प्रशस्त होगा।
सुप्रयास द्वारा आयोजित यह कार्यक्रम विद्यार्थियों में संवैधानिक समझ विकसित करने, सामाजिक जिम्मेदारी का भाव जागृत करने तथा उन्हें भविष्य के सजग, संवेदनशील और कर्तव्यनिष्ठ नागरिक बनाने की दिशा में एक सार्थक पहल रहा।


