– पहली छमाही में 24 प्रतिशत की वृद्धि के साथ राजस्व 8,212.7 करोड़ पहुंचा
– केन्द्रीय मंत्री सिंधिया ने डिजिटलीकरण, नवाचार और ग्राहक-केन्द्रित सेवाओं के जरिए विकास की गति बनाए रखने पर दिया जोर
नई दिल्ली, 22 अक्टूबर। केन्द्रीय संचार व पूर्वोत्तर मंत्री ज्योतिरादित्य एम. सिंधिया के नेतृत्व में भारतीय डाक विभाग ने ऐतिहासिक उपलब्धि हासिल करते हुए लगातार दो तिमाहियों में 4 हजार करोड़ से अधिक का राजस्व अर्जित किया है। वित्त वर्ष 2026-27 की पहली छमाही में विभाग का राजस्व 24 प्रतिशत बढ़कर 8,212.7 करोड़ पहुंच गया, जो पिछले वर्ष की समान अवधि में 6,636 करोड़ था।
केन्द्रीय मंत्री सिंधिया ने नई दिल्ली में डाक विभाग की दूसरी तिमाही की समीक्षा बैठक की अध्यक्षता करते हुए इस उपलब्धि के लिए अधिकारियों और कर्मचारियों को बधाई दी। उन्होंने ग्राहक-केन्द्रित सेवाओं, कारोबार के विविधीकरण, नवाचार और डिजिटलीकरण को गति देकर विकास की इस रफ्तार को बनाए रखने पर जोर दिया।
सभी व्यावसायिक क्षेत्रों में वृद्धि, पार्सल कारोबार सबसे आगे
जुलाई-सितंबर 2026 में विभाग ने 4,201.5 करोड़ का राजस्व अर्जित किया, जो पिछले वर्ष की समान तिमाही से 25 प्रतिशत अधिक है। सभी छह व्यावसायिक क्षेत्रों में वृद्धि दर्ज की गई। पार्सल कारोबार में 71 प्रतिशत, डाक जीवन बीमा एवं ग्रामीण डाक जीवन बीमा में 44 प्रतिशत, अंतर्राष्ट्रीय कारोबार में 38 प्रतिशत, मेल्स में 36 प्रतिशत और डाकघर बचत बैंक में 18 प्रतिशत की वृद्धि हुई। केन्द्रीय मंत्री सिंधिया ने सेवाओं की गुणवत्ता, ग्राहक संतुष्टि और डिजिटल तकनीक के प्रभावी उपयोग को प्राथमिकता देने की आवश्यकता बताई। उन्होंने थोक ग्राहकों के लिए नीतियों एवं आवश्यक स्वीकृतियों के अनुरूप लचीली मूल्य निर्धारण व्यवस्था पर भी जोर दिया।
बेहतर प्रदर्शन और वित्तीय दक्षता पर फोकस
दूसरी तिमाही में बिहार ने 97.15 प्रतिशत, पश्चिम बंगाल ने 97.07 प्रतिशत और पूर्वोत्तर डाक परिमंडल ने 94.79 प्रतिशत लक्ष्य उपलब्धि हासिल की। कुल 23 में से 18 परिमंडलों ने पहली तिमाही की तुलना में अपने प्रदर्शन में सुधार किया। बैठक में कृषि लॉजिस्टिक्स एवं अंतरराष्ट्रीय कारोबार, सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम, एक जिला एक उत्पाद एवं पर्यटन तथा नागरिक-केन्द्रित सेवाओं, वित्तीय समावेशन, बीमा और ग्रामीण लॉजिस्टिक्स पर आधारित क्लस्टर दृष्टिकोण अपनाने पर जोर दिया गया। केन्द्रीय मंत्री सिंधिया ने स्पष्ट किया कि भारतीय डाक का व्यापक नेटवर्क और समर्पित कार्यबल उसकी सबसे बड़ी ताकत है। ग्राहक-केन्द्रित दृष्टिकोण, तकनीकी नवाचार और परिचालन दक्षता के माध्यम से विभाग को वित्तीय रूप से और अधिक मजबूत बनाना प्राथमिकता है।


