– जल स्त्रोतों की क्लोरीनेशन एवं पानी की गुणवत्ता परीक्षण व्यवस्थित रूप से कराया जा रहा
– नियमित टेस्टिंग से हो रही पानी की शुद्धता की पुष्टि
भिण्ड, 04 जनवरी। कलेक्टर किरोड़ीलाल मीणा के निदेर्शानुसार लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग भिण्ड सक्रिय रूप से जल सुरक्षा सुनिश्चित करने हेतु कार्यरत है। विभाग द्वारा जिले के नगरीय निकायों जैसे- नगर पालिका परिषद भिण्ड, नगर पालिका परिषद लहार, नगर परिषद मेहगांव, नगर परिषद अकोड़ा तथा नगर परिषद मौ में जल स्त्रोतों की क्लोरीनेशन एवं पानी की गुणवत्ता परीक्षण व्यवस्थित रूप से कराया जा रहा है। इसका मुख्य उद्देश्य पेयजल को बैक्टीरिया, वायरस एवं अन्य हानिकारक अशुद्धियों से मुक्त रखना है। क्लोरीनेशन प्रक्रिया द्वारा जल में उचित मात्रा में क्लोरीन मिलाकर कीटाणुओं का नाश किया जा रहा है, जबकि नियमित टेस्टिंग से पानी की शुद्धता की पुष्टि हो रही है। विशेषज्ञ टीम सैंपल संग्रहण कर लैब में विश्लेषण कर रही है। यह प्रयास सार्वजनिक स्वास्थ्य को मजबूत बनाने तथा जलजनित रोगों जैसे हैजा, डायरिया, टाइफाइड को रोकने में महत्वपूर्ण है। कलेक्टर के निर्देशन में लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग भिण्ड सुनिश्चित कर रहा है कि नागरिकों को शुद्ध एवं सुरक्षित पेयजल उपलब्ध हो।


