– गौरव शर्मा बने प्रदेश के सबसे तेज धावक
भिण्ड, 20 दिसम्बर। औद्योगिक क्षेत्र मालनपुर स्थित प्रतिष्ठित इकाई सूर्या रोशनी लिमिटेड ने औद्योगिक उत्कृष्टता के साथ-साथ खेल जगत में भी अपनी सफलता का परचम लहराकर क्षेत्र को गौरवान्वित किया है। मप्र श्रम कल्याण मंडल द्वारा नरसिंहपुर में आयोजित राज्य स्तरीय खेल प्रतियोगिता में सूर्या रोशनी लिमिटेड के खिलाड़ियों ने अपनी प्रतिभा के दम पर प्रदेश स्तर पर स्वर्णिम सफलता हासिल की है।
संस्थान में कार्यरत गौरव शर्मा ने अपनी असाधारण गति का परिचय देते हुए 100 मीटर, 200 मीटर और 400 मीटर दौड़ में प्रथम स्थान प्राप्त किया। इस ऐतिहासिक जीत के साथ उन्हें ‘मप्र के सबसे तेज धावक’ होने का गौरवपूर्ण सम्मान प्राप्त हुआ है। इसी प्रकार, संस्थान के एक और होनहार खिलाड़ी चंद्रकांत सिंह ने शॉट पुट (गोला फेंक) स्पर्धा में शानदार प्रदर्शन करते हुए पूरे प्रदेश में प्रथम स्थान अपने नाम किया।
नरसिंहपुर में आयोजित एक भव्य समारोह के दौरान प्रदेश के कैबिनेट मंत्री प्रहलाद सिंह पटेल ने सूर्या रोशनी के इन दोनों विजेताओं को नगद राशि एवं प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया। खिलाड़ियों की इस बड़ी उपलब्धि पर सूर्या रोशनी लिमिटेड के चेयरमैन पद्मश्री जयप्रकाश अग्रवाल एवं सीईओ वासुमित्र पांडे ने हर्ष व्यक्त करते हुए गौरव शर्मा और चंद्रकांत सिंह को बधाई एवं उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दी हैं। प्रबंधन ने कहा कि संस्थान अपने कर्मचारियों की प्रतिभा को निखारने के लिए सदैव प्रतिबद्ध है और यह जीत पूरे सूर्या परिवार के लिए एक बड़ी उपलब्धि है। यह गौरव न केवल मालनपुर बल्कि ग्वालियर अंचल के लिए भी एक बड़ी मिसाल बनकर उभरा है।


