– केन्द्रीय संचार मंत्री सिंधिया ने राजा भोज और रानी कमलापति के सम्मान में जारी डाक टिकट को बताया सांस्कृतिक गौरव का प्रतीक
नई दिल्ली, 25 मई। केन्द्रीय संचार एवं पूर्वोत्तर क्षेत्र विकास मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने डाक विभाग द्वारा राजा भोज और रानी कमलापति के सम्मान में विशेष डाक टिकट जारी किए जाने पर इसे मध्य प्रदेश विशेषकर भोपाल की गौरवशाली विरासत, संस्कृति और ऐतिहासिक अस्मिता का सम्मान बताया।
केन्द्रीय मंत्री सिंधिया ने कहा कि राजा भोज और रानी कमलापति केवल इतिहास के पात्र नहीं, बल्कि हमारी सांस्कृतिक चेतना, गौरवशाली परंपरा और सभ्यता के जीवंत प्रतीक हैं। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में विकास भी, विरासत भी के मंत्र के साथ देश अपनी सांस्कृतिक धरोहरों और ऐतिहासिक विरासतों को नए सम्मान और पहचान से जोड़ रहा है।
सिंधिया ने कहा कि उनके नाम पर डाक टिकट जारी किया जाना केवल औपचारिक सम्मान नहीं, बल्कि आने वाली पीढ़ियों को अपनी ऐतिहासिक जड़ों, संस्कृति और विरासत से जोड़ने का सशक्त प्रयास है। उन्होंने कहा कि डाक टिकट देश की सांस्कृतिक स्मृतियों को संजोने का माध्यम होते हैं और यह पहल भारत की समृद्ध परंपराओं को जन-जन तक पहुंचाने का कार्य करेगी। इस अवसर पर उन्होंने डाक विभाग को बधाई देते हुए कहा कि भारतीय इतिहास और सांस्कृतिक धरोहरों को सम्मानित करने की यह श्रृंखला देश के सांस्कृतिक आत्मविश्वास को और मजबूत करेगी।


