– 11 वर्षीय पुत्र ने दी मुखाग्नि
भिण्ड, 11 दिसम्बर। सड़क दुर्घटना मृत गोहद क्षेत्र के टेटोन गांव में पुलिस जवान का अंतिम संस्कार गुरुवार को किया गया।
जानकारी के अनुसार अनिल सिंह कौरव पुत्र रामअवतार सिंह कौरव उम्र 34 वर्ष निवासी टेटोन थाना एंडोरी 18वीं बटालियन मुरैना में पदस्थ थे। जो अपने अन्य 4 साथियों के साथ बालाघाट में ड्यूटी पर गए थे। ड्यूटी से वापस आते समय मंगलवार बुधवार की दरम्यानी रात 3.30 बजे बीडीडीएस वाहन में सागर के बांधरी मालथोन रोड पर कंटेनर ट्रक चालक ने ओवर टेक करते समय टक्कर मार दी। जिससे अनिल कौरव सहित चार जवानों की मौत हो गई। वहीं एक जवान घायल हैं। घटना की जानकारी बुधवार को सुबह परिजनों को लगी तो घर में मायूसी छा गई। बुधवार को देर शाम चारों जवानों के शव मुरैना लाए गए। जहां आईजी एवं एसपी द्वारा सलामी दी गई। गुरुवार को अनिल कौरब का शव को टेटोन गांव में लाया गया जहां एसडीओपी महेन्द्र सिंह गौतम, मालनपुर थाना प्रभारी प्रदीप सोनी, एण्डोरी थाना प्रभारी परशुराम अहिरवार सहित बड़ी मात्रा में पुलिस बल मौजूद रहा और जवान को सलामी दी गई। मुखाग्नि जवान के 11 वर्षीय पुत्र आदित्य कौरव ने दी। इस दौरान सभी परिजनों का रो-रो कर बुरा हाल था। मृतक अनिल कौरव दो भाई एवं दो बहिन थीं। जिनमें दोनों बहनों की शादी हो चुकी है। वहीं बड़े भाई राजेश कौरव गांव में ही रहकर कृषि कार्य करते हैं।


