– कांग्रेस नेता बोले- मुझे निशाना बनाया, घर के सीसीटीवी कैमरे बंद मिले
भिण्ड, 28 नवम्बर। लहार में गुरुवार रात जनपद अध्यक्ष मीना सिंह के घर के बाहर फायरिंग की घटना बताई गई है। उनके पति कांग्रेस नेता मानवेन्द्र सिंह राजावत उर्फ मोंटू का कहना है कि बदमाशों ने उन्हें निशाना बनाकर गोली चलाने का प्रयास किया लेकिन कट्टे की नाल में कारतूस फंस जाने के कारण गोली नहीं चली।
जानकारी के अनुसार, मोंटू सिंह ने पुलिस को बताया कि वे रात करीब 8.30 बजे एक शादी समारोह से लौटकर घर पहुंचे। जैसे ही घर के अंदर गए, पीछे से घात लगाए बदमाशों ने घर की दीवार की ओर गोली चला दी। आवाज सुनकर उनकी बेटी बाहर निकली और मोंटू भी तुरंत बाहर आए। इसी दौरान एक बदमाश ने कट्टा तानकर गोली चलाने का प्रयास किया, लेकिन कारतूस फंस गया। बदमाश ने सीसी रोड पर कट्टा पटककर कारतूस निकालने की कोशिश की लेकिन गोली नहीं चली। मोंटू के अनुसार उन्होंने हमला करने वाले एक बदमाश को पकड़ने की कोशिश की तभी उसका साथी बाइक लेकर आया और धक्का देकर दोनों भाग गए।
घटना के बाद पुलिस ने घर में लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच की। लेकिन कैमरे बंद मिलने के कारण पुलिस ने इस पर संदेह जताया। लहार थाना प्रभारी शिव सिंह यादव ने बताया कि घटना के समय कैमरों का बंद होना, सूचना देने में देरी और आरोपियों की पहचान से संबंधित अस्पष्ट जानकारी, मौके पर कोई चला अनचला कारतूस नहीं मिलना, जांच के हिस्से हैं। लहार थाना पुलिस ने घटना के बाद मौके पर पहुंचकर प्राथमिक जांच शुरू कर दी है।

