– एनएच-719 पर एक महीने में काम शुरू नहीं हुआ तो सड़क पर उतरेगी कांग्रेस
भिण्ड, 07 अक्टूबर। वोट चोर गद्दी छोड़ राष्ट्रव्यापी हस्ताक्षर अभियान के तहत मंगलवार को मालनपुर ब्लॉक में कांग्रेस की सभा का आयोजन किया गया। जिसमें मुख्य अतिथि जिला कांग्रेस अध्यक्ष रामशेष बघेल उपस्थित रहे। इस अवसर पर बड़ी संख्या में पार्टी कार्यकर्ता एवं पदाधिकारी मौजूद रहे।
सभा को संबोधित करते हुए जिला अध्यक्ष रामशेष बघेल ने कहा कि वोट चोरी, दरअसल लोकतंत्र की लूट है। जो लोग वोट चोरी के बल पर सत्ता में आए हैं, वे जनता को ठगने और संविधान को कमजोर करने का काम कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि भिण्ड जिले में नेशनल हाईवे 719 की स्थिति बेहद खराब है। यह अब मौत का हाईवे बन चुका है। आए दिन सड़क हादसों में लोगों की जान जा रही है, लेकिन गूंगी-बहरी सरकार को कुछ दिखाई नहीं दे रहा। बघेल ने कहा कि हमने सरकार को एक महीने का अल्टीमेटम दिया है, यदि इस अवधि में एनएच-719 की डीपीआर तैयार कर काम शुरू नहीं किया गया, तो कांग्रेस सड़क पर उतरकर बड़ा आंदोलन करेगी।
गोहद विधानसभा प्रभारी केदार कौशल ने कहा कि वोट चोरी के बल पर बनी यह सरकार लोकतंत्र और संविधान को कुचलने का काम कर रही है। भाजपा ने समाज में इतना जहर घोल दिया है कि लोग एक-दूसरे के दुश्मन बन गए हैं। उन्होंने कहा कि देश की सर्वोच्च अदालत सुप्रीम कोर्ट के मुख्य न्यायाधीश पर हमला, दरअसल संविधान पर हमला है। जब संविधान की रक्षा करने वाली संस्था पर ही वार हो रहा है, तो यह संकेत है कि कोई भी सुरक्षित नहीं है। उन्होंने कहा कि यदि भाजपा 400 सीटें जीत गई होती, तो देश में लोकतंत्र की कल्पना भी नहीं की जा सकती थी। यह चोरी की सरकार जनता की आवाज़ दबा रही है। अब वक्त है कि सभी साथी मिलकर इसका मुकाबला करें।
सभा में अन्य वक्ताओं ने कहा कि कांग्रेस नेता राहुल गांधी के नेतृत्व में चल रहे वोट चोर गद्दी छोड़ राष्ट्रव्यापी हस्ताक्षर अभियान को गोहद क्षेत्र में जोरदार समर्थन मिल रहा है। कौशल ने कहा कि गोहद ब्लॉक से सबसे अधिक हस्ताक्षर एकत्र कर पार्टी इन्हें राहुल गांधी के माध्यम से चुनाव आयोग और राष्ट्रपति को सौंपेगी, ताकि जनता की आवाज राष्ट्रीय स्तर पर सुनी जा सके। सभा में पूर्व विधायक मेवाराम जाटव, पूर्व प्रदेश सचिव राघवेन्द्र शर्मा, भानुप्रताप सिंह तोमर, सोखी पटेल, देवीसिंह तोमर, बृजमोहन बघेल, विष्णु शर्मा, प्रदीप त्रिवेदी, सुमित त्रिवेदी और कमल प्रताप सिंह तोमर ने भी विचार रखे। उन्होंने कहा कि आगामी चुनाव में वोट की रक्षा ही लोकतंत्र की रक्षा है। प्रत्येक कार्यकर्ता को मतदाता सूची पर विशेष ध्यान देना चाहिए ताकि कोई भी मतदाता वंचित न रह जाए।
इस अवसर पर सरदार जोगासिंह, मोहन सिकरवार, बाबरीभान कौरव, रामसहाय कौशल, हरिमोहन गुर्जर, सरदार रविन्द्र बराड़, राघवेन्द्र तोमर राजू कक्का, रघुवंश सिंह राजावत, गणेशराम तोमर, रुस्तम सिंह जाटव, नरेश तोमर, सरदार सोनू सिंह, सरदार बूटा सिंह, जयवीर सिंह तोमर, सुरेश अर्गल, कमल प्रताप सिंह तोमर, सोबरन सिंह राणा, सुमित त्रिवेदिया, प्रदीप त्रिवेदिया, गोले तोमर, संजू पार्षद, रामदुलारे बघेल, सोहबत खान, बालकृष्ण फौजी, देवेन्द्र शर्मा, भूरेलाल शर्मा, रामबरन जाटव, राकेश तोमर, महावीर जाटव, महेश चौरसिया, जोगेन्द्र तोमर, विक्की तोमर, राकेश पाराशर सहित कई लोग उपस्थित रहे।


