– नशा मुक्ति भारत अभियान की वर्षगांठ पर कार्यक्रम आयोजित
भिण्ड, 04 अक्टूबर। शा. महाविद्यालय आलमपुर में नशामुक्ति भारत अभियान की पांचवी वर्षगांठ पर शनिवार को जन जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। जिसकी शुरुआत मां सरस्वती को वंदन करते हुए नशा मुक्त भारत के प्रेरक मार्गदर्शक महात्मा गांधी को स्मरण करके हुई।
कार्यक्रम में महाविद्यालय जनभागीदारी समिति अध्यक्ष कल्याण सिंह कौरव ने कहा कि विद्यार्थी नशे से स्वयं दूर रहें और अपने मित्रों को भी नशे से दूर रहने के लिए प्रेरित करें। प्राचार्य डॉ. भगवान सिंह निरंजन ने विद्यार्थियों को मार्गदर्शन देते हुए कहा कि यह अभियान खुद के सुधार की शुरुआत से लेकर जन-जन तक पहुंचना चाहिए। नशे की लत लगने से व्यक्ति अपनी सामाजिक और पारिवारिक जि़म्मेदारियां नहीं निभा सकता है।
डॉ. आदित्य कुमार दिवौलिया ने कहा कि नशे से शरीर और दिमाग दोनों को गंभीर नुकसान होता है। इससे बचना ही सबसे अच्छा इलाज है। डॉ. मंदाकिनी शर्मा ने विद्यार्थियों को वास्तविक उदाहरण देकर नशा मुक्ति अभियान के प्रति जागरुक किया। रासेयो प्रभारी धर्मवीर सिंह भदौरिया ने कहा कि नशा करने से पैसा और सेहत दोनों पर ही प्रतिकूल प्रभाव पड़ता है। जबकि अनिल चौधरी ने चार्ट पेपर के माध्यम से नशे के संदर्भ में समझाया है। कार्यक्रम का संचालन अजय शर्मा और आभार लाखन सिंह कौरव ने प्रकट किया। अंत में सभी ने नशा मुक्ति की शपथ ली। इस अवसर पर महाविद्यालय स्टाफ एवं बड़ी संख्या में विद्यार्थी उपस्थित थे।


