– किसान को करीब एक लाख का नुकसान
भिण्ड, 03 अप्रैल। जिले के मिहोना थाना क्षेत्रांतर्गत लेन का पुरा गांव में एक किसान की मेहनत पर पानी फिर गया, जब खेत में काटकर रखी गेहूं की फसल में अज्ञात व्यक्ति ने आग लगा दी। आगजनी की इस घटना में करीब पांच बीघा में फैली गेहूं की फसल जलकर पूरी तरह राख हो गई, जिससे किसान को लगभग एक लाख रुपए का नुकसान हुआ है।
जानकारी के अनुसार किसान रामअवतार बघेल ने अपने खेत में गेहूं की फसल काटकर एकत्रित कर रखी थी। देर रात किसी अज्ञात व्यक्ति ने उसमें आग लगा दी। आग लगने की सूचना मिलते ही किसान तुरंत खेत पर पहुंचा और आसपास के लोगों को बुलाकर आग बुझाने का प्रयास किया। ट्यूबवेल चलाकर पानी डाला गया और फायर ब्रिगेड को भी सूचना दी गई, लेकिन तब तक पूरी फसल जलकर नष्ट हो चुकी थी। घटना के बाद सुबह किसान मिहोना थाने पहुंचा और मामले की शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ आगजनी का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि घटना के कारणों और आरोपियों की पहचान के लिए आसपास के लोगों से पूछताछ की जा रही है।


