-तिलक-माला से स्वागत कर किताबों के साथ नए सत्र की शुरुआत
भिण्ड, 01 अप्रैल। जिले के विभिन्न शासकीय विद्यालयों में स्कूल चलें हम अभियान के अंतर्गत प्रवेशोत्सव कार्यक्रम उत्साह पूर्वक मनाया गया। कार्यक्रम की शुरुआत नवीन एवं नवकरणीय ऊर्जा मंत्री राकेश शुक्ला ने मेहगांव के पीएमश्री शा. कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय में स्कूल चलें हम अभियान के अंतर्गत प्रवेशोत्सव कार्यक्रम का शुभारंभ किया। जहां नवप्रवेशी छात्राओं का तिलक लगाकर स्वागत किया गया।
प्रवेशोत्सव के अवसर पर मंत्री राकेश शुक्ला ने कहा कि प्राथमिक और माध्यमिक शिक्षा ही बच्चों के जीवन की दिशा तय करती है। शिक्षा देश के भविष्य की मजबूत नींव है। उन्होंने कहा कि शासन का उद्देश्य है कि कोई भी बच्चा शिक्षा से वंचित न रहे और सभी को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध हो। उन्होंने अभिभावकों से बच्चों को नियमित रूप से विद्यालय भेजने की अपील की। उन्होंने नवप्रवेशी छात्राओं को शुभकामनाएं देते हुए उन्हें नियमित अध्ययन और अनुशासन का पालन करने की प्रेरणा दी।
मंत्री शुक्ला ने कार्यक्रम में छात्राओं का पारंपरिक तरीके से तिलक लगाकर और पुष्प मालाओं से स्वागत किया गया। साथ ही उन्हें पाठ्य पुस्तकें वितरित कर शिक्षा के प्रति उत्साह बढ़ाया गया। मंत्री ने विद्यालय परिसर का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा भी लिया और अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए। इस अवसर पर एसडीएम मेहगांव नवनीत शर्मा, जिला शिक्षा अधिकारी आरडी मित्तल, एसडीओपी मेहगांव सहित अन्य अधिकारी, कर्मचारी, जनप्रतिनिधिगण, गणमान्य नागरिक एवं छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे। सभी ने मिलकर स्कूल चलें हम अभियान को सफल बनाने का संकल्प लिया।
जिलेभर में मनाया प्रवेशोत्सव
जिले के अन्य स्कूलों में भी इसी प्रकार प्रवेशोत्सव मनाया गया, जहां बच्चों के चेहरे पर खुशी और उत्साह साफ झलक रहा था। यह अभियान न केवल नामांकन बढ़ाने में सहायक बन रहा है, बल्कि समाज में शिक्षा के प्रति सकारात्मक माहौल भी तैयार कर रहा है।


