भिण्ड, 31 मार्च। कलेक्टर किरोड़ीलाल मीणा ने मंगलवार को जिला कोषालय के स्ट्रांग रूम का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान स्टांप एवं वैल्युएबल पैकेट के रिकॉर्ड का विस्तृत परीक्षण व मिलान किया गया। कलेक्टर ने स्ट्रांग रूम की सुरक्षा व्यवस्था की भी गहन जांच की। इसके बाद गार्ड रूम का भी निरीक्षण किया गया, जहां सुरक्षा प्रोटोकॉल एवं ड्यूटी चार्ट की समीक्षा हुई। निरीक्षण के दौरान वरिष्ठ कोषालय अधिकारी अर्चना त्रिपाठी एवं सहायक कोषालय अधिकारी गौरव सिंह कुशवाह उपस्थित रहे।
जिले में न्यूनतम समर्थन मूल्य पर गेहूं उपार्जन 15 अप्रैल से होगा प्रारंभ
भिण्ड। मप्र शासन खाद्य नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता संरक्षण विभाग के पत्र 30 मार्च 2026 में दिए गए निर्देशानुसार रबी विपणन वर्ष 2026-27 में न्यूनतम समर्थन मूल्य पर गेहूं उपार्जन हेतु जारी नीति के कियान्वयन हेतु निर्धारित एसओपी जारी की गई थी, इसमें उपार्जन तिथि को संशोधित करते हुए चंबल संभाग में खरीदी 15 अप्रैल से की जाने के निर्देश हैं। जिले में रबी विपणन वर्ष 2026-27 में न्यूनतम समर्थन मूल्य पर गेहूं उपार्जन 15 अप्रैल से प्रारंभ होगा। गेहूं उपार्जन कार्य सोमवार से शुक्रवार सुबह 8 बजे से रात्रि 8 बजे तक (शासकीय अवकाश दिवस को छोड़कर) किया जाएगा।


