– धूमधाम से निकाली जाएगी कलश यात्रा
भिण्ड, 30 मार्च। अखिल विश्व गायत्री परिवार के तत्वावधान में नगर के वाटर वर्क्स रोड स्थित नर्सरी गेट के पास संगीतमय श्रीमद प्रज्ञा पुराण कथामृत एवं 21 कुण्डीय गायत्री महायज्ञ का भव्य आयोजन होने जा रहा है।
गायत्री महिला मण्डल समिति ने बताया कि आयोजन का शुभारंभ 31 मार्च को विशाल मंगल कलश यात्रा के साथ होगा। यह यात्रा बड़े हनुमान जी मन्दिर के सामने स्थित महावीर मांगलिक गार्डन अटेर रोड से प्रारंभ होकर नगर के मुख्य मार्गों से होते हुए कथा स्थल वाटर वर्क्स पर पहुंचेगी। यह कार्यक्रम मातृ शक्ति अखण्ड दीप जन शताब्दी वर्ष 2026 के उपलक्ष में आयोजित किया जा रहा है, जिसमें नारी जागरण, कन्या-किशोर शिविर और गर्भ पूजन जैसे विशेष संस्कार भी संपन्न होंगे।
पांच दिवसीय कार्यक्रम
एक से चार अप्रैल तक प्रतिदिन सुबह नौ कुण्डीय गायत्री महायज्ञ संपन्न होगा। दोपहर 2 बजे से शाम 6 बजे तक प्रज्ञा पुत्रों द्वारा संगीत की मधुर लहरियों के बीच श्रीमद् प्रज्ञापुराण की अमृत वर्षा की जाएगी। कार्यक्रम के दौरान नारी जागरण अभियान के तहत विभिन्न रचनात्मक शिविर एवं गर्भ पूजन संस्कार आयोजित किए जाएंगे। 5 अप्रैल को (पूर्णाहुति) होगी आयोजन के अंतिम दिन सुबह 21 कुण्डीय गायत्री महायज्ञ की भव्य पूर्णाहुति होगी, जिसके पश्चात विशाल भण्डारा, विदाई एवं आभार प्रदर्शन कार्यक्रम संपन्न होगा।

