– मुख्य मार्ग पर खड़ी हो रही बसें, हो रहा हादसे
भिण्ड, 24 मार्च। दबोह नगर में बस स्टैंड की व्यवस्था न होने का खामियाजा अब आमजनता को दुर्घटनाओं के रूप में भुगतना पड़ रहा है। नगर परिषद की लापरवाही के चलते मुख्य बाजार क्षेत्र में अस्थाई बस स्टैण्ड संचालित हो रहा है, जिससे दिनभर जाम की स्थिति बनी रहती है और हादसों का खतरा लगातार बढ़ता जा रहा है।
इसी अव्यवस्था के चलते मंगलवार को एक बस ने साइड से गुजर रही नई कार को साइड से टक्कर मार दी। काफी समय तक बस और कार चालक में झगड़ा भी हुआ। इस हादसे में में कोई जनहानि नहीं हुई, स्थानीय लोगों के अनुसार बायपास बनने के बावजूद छोटी-बड़ी व स्लीपर बसें लगातार मुख्य बाजार से ही गुजर रही हैं। इससे बाजार क्षेत्र में हर समय जाम की स्थिति बनी रहती है। नगर परिषद द्वारा कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया। नगर का मुख्य बाजार इन दिनों तेज रफ्तार बसों के कारण खतरे का केन्द्र बनता जा रहा है। बायपास मार्ग उपलब्ध होने के बावजूद छोटी-बड़ी और स्लीपर बसें नियमों को ताक पर रखकर सीधे बाजार के बीचों-बीच तेज गति से गुजर रही हैं, जिससे आमजनता की जान जोखिम में पड़ गई है।


