– जल स्त्रोतों का संरक्षण आवश्यक : जयप्रकाश
– जअप मेहगांव द्वारा जल बचत संवाद कार्यशाला आयोजित
भिण्ड, 22 मार्च। मप्र जन अभियान परिषद मेहगांव द्वारा ब्लॉक समन्वयक जयप्रकाश शर्मा के मार्गदर्शन में विश्व जल दिवस के अवसर पर मुख्यमंत्री सामुदायिक नेतृत्व क्षमता विकास पाठ्यक्रम के छात्रों के साथ जल संरक्षण को जन-आंदोलन का रूप देने के उद्देश्य से जल बचत संवाद एवं जल गंगा संवर्धन अभियान के अंतर्गत ‘जल शक्ति से नव भक्तिÓ विषय पर संगोष्ठी का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में मुख्य वक्ता के रूप में प्रो. इकबाल अली एवं ब्लॉक समन्वयक जयप्रकाश शर्मा उपस्थित रहे।
जल के महत्व पर प्रकाश डालते हुए ब्लॉक समन्वयक जयप्रकाश शर्मा ने बताया कि वर्तमान समय में जल संकट एक गंभीर समस्या के रूप में उभर रहा है। ऐसे में प्रत्येक व्यक्ति का कर्तव्य है कि वह जल का संरक्षण एवं संवर्धन सुनिश्चित करे। इस दौरान जल स्त्रोतों के संरक्षण, वर्षा जल संचयन, भूजल स्तर बढ़ाने तथा जल के विवेकपूर्ण उपयोग पर विस्तार से चर्चा करते हुए कहा कार्यक्रमों के माध्यम से आमजन को जल के महत्व के प्रति जागरूक किया जा रहा है और उन्हें संरक्षण के लिए प्रेरित किया जा रहा है।
प्रो. इकबाल अली ने कहा कि विश्व जल दिवस केवल एक दिवस नहीं, बल्कि मानव जीवन के सबसे अनमोल संसाधन जल के प्रति हमारी जिम्मेदारी को समझने और निभाने का एक संकल्प है। जल मानव जीवन का आधार है। जल के बिना न तो जीवन की कल्पना संभव है और न ही विकास की। जन्म से लेकर मरण तक जल का ही महत्व है। प्रतिभागियों ने अपने-अपने विचार साझा करते हुए जल संरक्षण के लिए सामूहिक प्रयासों की आवश्यकता पर बल दिया।
कार्यक्रम में उपस्थित सभी प्रतिभागियों ने जल संरक्षण एवं संवर्धन हेतु सामूहिक शपथ ली। सभी ने संकल्प लिया कि वे जल का दुरुपयोग नहीं करेंगे, जल बचाने के उपाय अपनाएंगे तथा समाज में इसके प्रति जागरूकता फैलाएंगे। इस कार्यक्रम में मुख्यमंत्री सामुदायिक नेतृत्व क्षमता विकास पाठ्यक्रम के परामर्शदाता, छात्र-छात्राओं की सक्रिय भागीदारी रही।


