– ओवरलोड डंपर धर्मकांटों पर ओवर रेत खाली कर यूपी भेजते थे माल
भिण्ड, 19 मार्च। जिले के फूप क्षेत्र में बुधवार सुबह खनिज विभाग की टीम ने अवैध रेत कारोबार पर कार्रवाई करते हुए आधा दर्जन धर्मकांटों पर जमा रेत को जब्त कर लिया है। बताया गया है कि ओवरलोड डंपर धर्मकांटों पर ओवर रेत खाली कर यूपी भेजते थे।
जानकारी के अनुसार भिण्ड-इटावा मार्ग पर चंबल पुल से ओवरलोड रेत से भरे डंपरों के निकलने पर मध्य प्रदेश और उत्तर प्रदेश प्रशासन ने प्रतिबंध लगा रखा है। इसके चलते डंपर चालक धर्मकांटों पर वजन कराने के दौरान अपनी अतिरिक्त रेत को वहीं उतार देते थे। यह रेत सस्ते दामों में स्थानीय स्तर पर बेची जाती थी। धर्मकांटों पर जमा इस रेत को बाद में रेत माफिया बिना रॉयल्टी के खरीदकर उप्र में खपा देते थे। बताया गया है कि पुलिस और खनिज विभाग की कथित सांठगांठ के चलते लंबे समय से इस अवैध कारोबार पर कोई कार्रवाई नहीं हो रही थी। हाल ही में पदस्थ नए माइनिंग अधिकारी द्वारा इस व्यवस्था पर सख्ती दिखाई गई है।


