– अनिल त्रिपाठी के सानिध्य में होंगे संपूर्ण कार्यक्रम
भिण्ड, 08 मार्च। ग्रहस्थ संत गौलोकवासी पं. देवप्रभाकर शास्त्री दद्दाजी की कृपा से बड़े भैया ग्रहस्थ संत अनिल त्रिपाठी के सानिध्य में 137वां सवा करोड़ पार्थिव शिवलिंग निर्माण, महारुद्र यज्ञ महारुद्राभिषेक, 18 पुराण परायण का आयोजन 12 से 18 मार्च तक प्रदेश की राजधानी भोपाल के दशहरा मैदान में किया जा रहा है।
दद्दाजी शिष्य मंडल भिण्ड के मीडिया प्रभारी कमलकिशोर शर्मा ने जानकारी देते हुए बताया कि कार्यक्रम की सभी तैयारी पूर्ण हो चुकी हैं। सभी भक्तों से अपील है कि आप इस आयोजन में सपरिवार पधार कर धर्म लाभ लें। गुरुदेव दद्दाजी के बताए गए मार्ग में उनकी ही असीम कृपा से यह संभव हो सका है, इसलिए आप सभी गुरुभाई 11 मार्च को कलश यात्रा में सम्मिलित हों। 12 मार्च से हर दिन सुबह 7 बजे से 12 बजे तक पार्थिव शिवलिंग निर्माण के साथ बड़े भैया अपने मुखारविंद से श्रीमद् भागवत कथा रसपान करेंगे। तदुपरांत पार्थिव शिवलिंग महा रुद्राभिषेक का आयोजन होगा, जिसमें सभी भक्तों को पार्थिव पूजन हेतु सामग्री नि:शुल्क उपलब्ध कराई जाएगी। उसके वाद विसर्जन व भोजन प्रसादी का कार्यक्रम होगा। शाम को पुन: दूसरे दिन के लिए गोली काटकर गिनती की जाएगी। जिसमें समूचे चंबल परिक्षेत्र के गुरुभाइयों से दद्दाजी शिष्य मंडल भिण्ड ने अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर धर्म लाभ लेने का आग्रह किया है।


