– होली खेलने के बाद नहाने गया, मोटर चालू करते समय हुआ हादसा
भिण्ड, 05 मार्च। लहार क्षेत्र के ग्राम टोला में गुरुवार को भाईदूज और होली के उल्लास के बीच 18 वर्षीय युवक की करंट लगने से मौत हो गई। हादसे के बाद गांव में मातम पसरा है।
जानकारी के अनुसार कल्लू पाल का पुत्र सर्वेश पाल सुबह से गांव में साथियों के साथ होली खेल रहा था। दोपहर करीब एक बजे वह घर लौटा और नहाने के लिए घर के पीछे लगी पानी की मोटर चालू करने गया। गीले शरीर और नमी के कारण वह बिजली के तेज करंट की चपेट में आ गया और अचेत होकर गिर पड़ा। परिजनों ने आनन-फानन में सर्वेश को लहार सिविल अस्पताल पहुंचाया, लेकिन वहां मौजूद चिकित्सकों ने परीक्षण के उपरांत उसे मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना मिलने पर रावतपुरा थाना पुलिस ने अस्पताल पहुंचकर मर्ग कायम किया और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
दो बहनों के बीच इकलौता भाई
मृतक सर्वेश पाल अपनी दो बहनों के बीच इकलौता भाई था। उसकी एक बड़ी बहन की शादी हो चुकी है, जबकि छोटी बहन अभी अविवाहित है। भाईदूज के त्योहार के दिन हुए इस हादसे ने परिवार की खुशियों को मातम में बदल दिया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है कि मोटर में करंट किस तकनीकी खामी की वजह से उतरा था।


