– उपाध्यक्ष, पार्षद ने खोला अध्यक्ष के खिलाफ मोर्चा
भिण्ड, 03 मार्च। गोहद नगर पालिका परिषद में विगत दिवस पार्षद पुत्र व सीएमओ के बीच हुई मारपीट व एफआईआर में नया मोड़ आ गया है। वार्ड 13 के पार्षद शैलेन्द्र दशरथ सिंह गुर्जर के निवास पर आयोजित पत्रकार वार्ता में उपाध्यक्ष सुनील कांकर, पार्षद शैलेन्द्र सिंह गुर्जर एवं अभिभाषक संघ अध्यक्ष विकास कांकर, पार्षद राघवेन्द्र भार्गव, देवेश भार्गव ने नगर पालिका अध्यक्ष मंजू जगदीश माहौर के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है।
यहां उपाध्यक्ष एवं पार्षदों ने एक स्वर में कहा कि नगर पालिका परिषद में हुई घटना निंदनीय है, इस घटना से गोहद की छवि खराब हुई है। इस घटना का जन्म भ्रष्टाचार को दबाने के लिए दिया गया है, जिसकी मास्टर माइंड अध्यक्ष मंजू जगदीश माहौर हैं। गोहद नगर पालिका में 127 कर्मचारियों का विनयमितीकरण का मामला है, जो अध्यक्ष व सीएमओ के द्वारा किया गया है, जिसमें लाखों रुपए का लेनदेन हुआ। अब चूंकि कर्मचारियों का वेतन नहीं मिल रहा, इसलिए इस घटना का जन्म हुआ। हम लोग सच्चाई के साथ हैं, अगर सीएमओ ईमानदारी से करते हैं तो हम उनका भरपूर सहयोग करेंगे।
वार्ड 14 के पार्षद पुत्र देवेश शर्मा ने कहा कि मेरे कार्यकाल में मेरे वार्ड में विकास की एक भी ईंट नहीं लगी है। सन् 2022 से परिषद में ठहराव प्रस्ताव पास किए गए लेकिन धरातल पर विकास ढूढ़ने से भी नहीं मिलेगा।
अभिभाषक संघ अध्यक्ष ने लगाए आरोप
पत्रकार वार्ता में अभिभाषक संघ अध्यक्ष विकास कांकर ने गोहद विधायक को भी लपेटे में ले लिया। उन्होंने कहा कि जब गोहद नगर पालिका अध्यक्ष मंजू माहौर हैं, फिर उनके पति जगदीश माहौर को विधायक प्रतिनिधि क्यों नियुक्त किया। गोहद विधायक को गोहद के विकास से कोई सरोकार नहीं है। उन्होंने अध्यक्ष पर आरोप लगाया कि वो भ्रटाचार की जननी हैं, उनके द्वारा किए गए कृत्य छिपेंगे नहीं, भले ही वो कार्यकाल पूर्ण कर लें, उनके द्वारा जो आर्थिक अपराध किया गया है, उसकी वसूली अवश्य होगी।


