– एंबूलेंस के अंदर मिलीं शराब की बोतलें, पुलिस ने किया वाहन जब्त
भिण्ड, 03 मार्च। जिले के अटेर क्षेत्र में सोनेलाल का पुरा गांव के पास मंगलवार को एक तेज रफ्तार एंबुलेंस अनियंत्रित होकर बिजली पोल से टकराने के बाद खेतों में पलट गई। जिससे एंबूलेंस में सवार तीन लोग घायल हो गए, जिन्हें इलाज के लिए जिला अस्पताल भेजा गया है। एंबुलेंस के भीतर से शराब की बोतल मिलने के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार एंबुलेंस भिण्ड से अटेर की ओर जा रही थी और उसकी रफ्तार करीब 100 से 130 किमी प्रति घण्टे के बीच थी। ग्रामीणों ने बताया कि वाहन तेज गति में सड़क पर लहराता हुआ आ रहा था। इसी दौरान चालक ने नियंत्रण खो दिया, जिससे एंबुलेंस पहले बिजली के पोल से टकराई और फिर सड़क किनारे खेतों में जाकर पलट गई। हादसे की आवाज सुनकर खेतों में काम कर रहे ग्रामीण तुरंत मौके पर पहुंचे और वाहन में फंसे तीनों घायलों को बाहर निकाला। ग्रामीणों का आरोप है कि चालक नशे की हालत में वाहन चला रहा था। तलाशी के दौरान एंबुलेंस के अंदर से शराब की बोतल भी मिली है। स्थानीय युवक देशराज ने बताया कि यदि रफ्तार नियंत्रित होती, तो इतना बड़ा हादसा नहीं होता। सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस ने एंबुलेंस को जब्त कर लिया है। पुलिस का कहना है कि घायलों की हालत फिलहाल स्थिर है। एंबुलेंस के भीतर शराब मिलने और चालक के नशे में होने के आरोपों पर पुलिस का कहना है कि मेडिकल परीक्षण और तकनीकी जांच के बाद ही हादसे की असली वजह स्पष्ट होगी। रिपोर्ट आने के बाद आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।


