– गांव के सर्वांगीण विकास में एकजुटता और संकल्प आवश्यक : शर्मा
– ग्राम विकास प्रस्फुटन समितियों की मासिक समीक्षा बैठक सह प्रशिक्षण आयोजित
भिण्ड, 26 फरवरी। मप्र जन अभियान परिषद विकास खण्ड मेहगांव द्वारा संचालित ग्राम विकास प्रस्फुटन समितियों की सेक्टर क्र.तीन मेहगांव और सेक्टर क्र.दो सुनारपुरा की समितियों की समीक्षा बैठक सह प्रशिक्षण का आयोजन ग्राम खेरियातोर में किया गया। जिसमें संभाग समन्वयक धर्मेन्द्र सिंह सिसोदिया एवं ब्लॉक समन्वयक जयप्रकाश शर्मा उपस्थित रहे। बैठक में सेक्टर की ग्राम विकास प्रस्फुटन समितियां एवं नवांकुर संस्था की भागीदारी रही। कार्यक्रम का उद्देश्य प्रस्फुटन समितियों द्वारा किए जा रहे सामाजिक, शैक्षणिक एवं जनजागरूकता संबंधी कार्यों की विस्तृत समीक्षा करना तथा आगामी कार्ययोजना को सुदृढ़ बनाना था। बैठक का शुभारंभ मुख्य अतिथि संभाग समन्वयक धर्मेन्द्र सिसोदिया ने मां सरस्वती के छायाचित्र पर माल्यार्पण कर प्रारंभ किया।
सिसोदिया ने कार्यों की समीक्षा करते हुए कहा कि ग्राम विकास की परिकल्पना सभी के सहयोग से ही साकार होगी। इसके लिए ग्राम विकास प्रस्फुटन समिति को सभी ग्रामवासियों के सहयोग से ग्राम की समस्याओं के समाधान हेतु समुदाय के सभी लोगो के साथ कार्य करना होगा। प्रशिक्षण में ग्राम विकास प्रस्फुटन समिति को अपनी गतिविधिया समिति के बैनर तले संचालित करने, साप्ताहिक एवं मासिक बैठकों में सहभागिता, सांस्कृतिक गतिविधियों को बढ़ावा देते हुए। नागरिक कर्तव्यों का निर्वहन, पर्यावरण संरक्षण, सामाजिक समरसता, नर्सरी स्थापना, वाचनालय एवं संस्कार केन्द्र की स्थापना, जन सूचना केल्द्र, समिति बोर्ड स्थापना, पॉलिथिन मुक्त ग्राम, स्वच्छता, नशा-मुक्त एवं विवाद-मुक्त ग्राम निर्माण जैसे विषयों पर चर्चा की गई।
ब्लॉक समन्वयक जयप्रकाश शर्मा ने प्रस्फुटन समितियों को मोबाइल एप पर कार्यों की जानकारी, दस्तावेजीकरण आदि का प्रशिक्षण दिया। इस अवसर पर नवांकुर संस्था श्रीगणेश शिक्षा प्रसार समिति के राकेश श्रीवास, त्यागी का लोक संस्था से श्यामसुंदर त्यागी, रामधुनव सिंह, बृजेश शर्मा, कालीचरण शाक्य, संजीव शर्मा आदि उपस्थित रहे।


