– दोनों पक्षों को आमंत्रित कर स्थापित कराया आपसी संवाद
भिण्ड, 22 फरवरी.मनीष दुबे। ग्राम कोंहार में विगत दिनों कुछ असामाजिक तत्वों द्वारा सोशल मीडिया पर की गई अनर्गल टिप्पणियों के कारण ग्राम का माहौल प्रभावित होने की स्थिति निर्मित हुई। स्थिति को दृष्टिगत रखते हुए प्रशासन एवं पुलिस की संयुक्त टीम ग्राम कोहार पहुंची। इस दौरान एसडीएम मेहगांव नवनीत शर्मा, एसडीओपी संजय कोच्छा, थाना प्रभारी महेश शर्मा एवं तहसीलदार राजकुमार नागोरिया ने ग्रामीणों के मध्य जन चौपाल आयोजित की। जिसमें दोनों पक्षों को आमंत्रित कर आपसी संवाद स्थापित कराया गया।
बैठक के दौरान प्रशासन द्वारा सामाजिक समरसता, आपसी सौहार्द एवं शांतिपूर्ण वातावरण बनाए रखने का अनुरोध किया गया। दोनों पक्षों द्वारा सकारात्मक सहमति व्यक्त करते हुए आपसी रंजिश एवं तनाव को भूलकर आगामी होली पर्व को पुरानी परंपराओं के अनुरूप सौहार्दपूर्ण ढ़ंग से मनाने का संकल्प लिया गया। साथ ही भविष्य में किसी भी प्रकार के विवाद अथवा व्यवस्था भंग न करने का आश्वासन दिया गया। प्रशासन एवं पुलिस द्वारा ग्रामवासियों के सहयोग एवं परिपक्वता की सराहना करते हुए सभी नागरिकों से शांति, सौहार्द एवं भाईचारे की भावना बनाए रखने की अपील की गई।


