भिण्ड, 21 फरवरी। बीच बाजार में शहीद विजय मंच के पास ठेला संचालित करने वालों को नगर परिषद द्वारा शुक्रवार को ठेला हटाने के लिये नोटिस थमा दिए गए। आलमपुर में सब्जी दुकानदारों को ठेला लगाने के लिये जगह निर्धरित की गयी है, बावजूद इसके कुछ दुकानदारों द्वारा बीच बाजार में शहीद विजय मंच पर ठेले लगाए जा रहे हैं। जिससे आवागमन में काफी परेशानी उतपन्न होती है।
इसको लेकर अनेक बार स्थानीय लोगों द्वारा भी नगर परिषद में शिकायत दर्ज करवायी जा चुकी है। जिसके बाद आज दोपहर नगर परिषद ने सभी ठेले वालों को नोटिस जारी कर ठेला हटाने की चेतावनी दे दी है। नगर परिषद द्वारा नोटिस के माध्यम से कहा गया है कि अगर जल्द ही स्वत: ही ठेले नहीं हटाए जाते हैं, तो ठेलों को जब्त करने की कार्रवाई की जाएगी। बता दें कि विजय मंच पर सब्जी, फल और चाट समेत लगभग एक दर्जन ठेले संचालित होते हैं।
चारों तरफ फैलती है गंदगी
शहीद विजय मंच पर लगने वाले ठेलों के कारण चारों तरफ गंदगी पसरी रहती है, वहीं ठेले वालों द्वारा शाम के समय वहीं बचा हुआ सामान फेंक देने से चारों ओर दुर्गंध फैलती है।
इनका कहना है:
”नोटिस जारी कर ठेले हटाने के लिए कहा गया है। ठेले न हटाने पर जब्त कर जुर्माने की कार्रवाई की जाएगी।”
दिलीप वर्मा, एआरआई नगर परिषद आलमपुर


