– दो बार फायर किया, कारतूस मिस होने पर मौके से भागे
भिण्ड, 13 फरवरी। देहात थाना क्षेत्र के टीकरी गांव में मजदूरी का पैसा मांगने गए मजदूर से दबंगों ने मारपीट की और गोली चलाई। हालांकि गोली मिस हो गई और मारपीट से युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। आरोपियों ने दबंगई दिखाते हुए कट्टा लहराया और दहशत फैलाने के लिए दो बार फायर किया, हालांकि दोनों बार कारतूस मिस हो गया। कट्टा न चलने पर आरोपी मौके से फरार हो गए। मारपीट की इस घटना का वीडियो सामने आने के बाद पुलिस ने पीड़ित की शिकायत पर कार्रवाई करते हुए चार लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर ली है।
जानकारी के अनुसार टीकरी गांव निवासी अनूप रैयपुरिया और उसके छोटे भाई बॉबी ने करीब एक माह पूर्व विकास चौरसिया के घर कलर-पुट्टी का काम किया था। इस काम की मजदूरी 5400 रुपए थी, जिसे लेने के लिए वे लगातार मांग कर रहे थे, लेकिन विकास चौरसिया मजदूरी नहीं दे रहा था। इसी बात को लेकर विवाद हो गया। आरोप है कि विकास चौरसिया अपने साथी बेटू जाटव सहित दो अन्य लोगों के साथ अनूप के घर पहुंचा। इस दौरान घर के बाहर बैठे बॉबी के साथ मारपीट शुरू कर दी। जब बॉबी को बचाने अनूप आया तो आरोपियों ने उस पर भी हमला कर दिया। इसी दौरान गांव के अन्य लोग बचाव के लिए मौके पर पहुंचे, तभी बेटू जाटव ने कट्टा लहराकर दहशत फैलाने की कोशिश की।
आरोप है कि उसने कट्टे की नाल में कारतूस फंसाकर फायर करने का प्रयास किया, लेकिन कारतूस मिस हो गया। इसके बाद उसने दोबारा कारतूस डालकर फायर करना चाहा, लेकिन वह भी मिस हो गया। इससे गांव में अफरा-तफरी मच गई और लोग डर गए। इसी का फायदा उठाकर सभी आरोपी मारपीट करते हुए मौके से फरार हो गए। हालांकि ग्रामीणों ने पूरी घटना का वीडियो बना लिया। पुलिस ने फरियादी की रिपोर्ट पर दो नामजद और दो अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।


