– ग्रामोदय से अभ्युदय अभियान अंतर्गत ग्राम स्तरीय कार्यक्रम
भिण्ड, 21 जनवरी। मप्र जन अभियान परिषद मेहगांव द्वारा ग्रामोदय से अभ्युदय मप्र अभियान के अंतर्गत सेक्टर दो के ग्राम अकलोनी के पंचायत भवन, सेक्टर तीन के गांव गिजुर्रा, देवरी में काली माता मन्दिर परिसर में ग्राम स्तरीय कार्यक्रम का आयोजन किया गया। जिसमें विकास खण्ड समन्वयक जयप्रकाश शर्मा, समाजसेवी एमएस चौहान, कृषि विभाग से मालती शंखवार, सरपंच प्रतिनिधि श्याम सिंह भदौरिया तथा नवांकुर संस्था प्रमुख राकेश श्रीवास, श्यामसुंदर त्यागी एवं परामर्शदाता कृष्णा बंसल प्रमुख रूप से उपस्थित रहे।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विकास खण्ड समन्वयक जयप्रकाश शर्मा ने कहा कि ग्रामोदय से अभ्युदय मप्र अभियान गांव के समग्र उत्थान का संकल्प है गांव तभी सशक्त होगा जब समाज समरस होगा, पर्यावरण सुरक्षित होगा, नागरिक स्वावलंबी होंगे, समाज नशा मुक्त होगा और शिक्षा संस्कारों के युक्त जीवन पद्धति अपनाई जाएगी। प्रस्फुटन समिति शासन और समाज के बीच सेतु का कार्य कर रही है। इस अभियान का उद्देश्य गांव का विकास समग्र उन्नति के साथ हो यह तभी संभव है जब ग्रामवासी स्वयं अपनी जिम्मेदारी समझें और योजनाओं के क्रियान्वयन में सक्रिय भागीदारी निभाएं। अभियान के अंतर्गत सामाजिक समरसता, पर्यावरण संरक्षण, नशामुक्ति, स्वावलंबन, शिक्षा और संस्कार जैसे विषयों पर निरंतर कार्य किया जा रहा है। उन्होंने नवांकुर संस्थाओं एवं प्रस्फुटन समितियों से आग्रह किया कि वे शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी गांव-गांव तक पहुंचाएं, ताकि अंतिम व्यक्ति तक योजनाओं का वास्तविक लाभ पहुंच सके।
वरिष्ठ समाजसेवी एमएस चौहान ने कहा कि ग्रामोदय से अभ्युदय की परिकल्पना तभी साकार होगी जब हमारा समाज जागरूक होगा। साथ ही नशा मुक्ति पर जागरुक करते हुए कहा कि नशा इस समय विकराल समस्या है, युवाओं को जागरूक होने की आवश्यकता है। नशा कोई सृजन नहीं बल्कि विनाश करता है, इसलिए इसे त्यागे और त्यागने के लिए लोगों को जागरूक करें। उन्होंने नशा मुक्ति के विषय को विस्तार से रखा।
कृषि विस्तार अधिकारी मालती शंखवार ने कहा कि भारत कृषि प्रधान देश है, जिसका आधार ग्राम है। यदि कृषि में नवाचार आता है तो हमारे गांव आत्मनिर्भर बनेंगे। साथी कृषि विभाग से संचालित योजनाओं की जानकारी दी। नवांकुर संस्था द्वारा नशा मुक्ति की शपथ दिलाई गई। कार्यक्रम में सतेन्द्र सिंह, पूर्व सरपंच सत्यप्रकाश श्रीवास, प्रमोद सिंह भदौरिया, रामहेत सिंह भदौरिया, बृजेश शर्मा, विनोद सिंह भदौरिया, महेश सिंह भदौरिया, अशोक शर्मा, मुकेश कर्ण, रामलखन, पदमकांत, भोलू, संदीप सहित ग्रामीणजन, नवांकुर सदस्य एवं युवा उपस्थित रहे।


