– ग्राम रिदौली में सेक्टर स्तरीय कार्यक्रम आयोजित
भिण्ड, 20 जनवरी। मप्र जन अभियान परिषद के जिला समन्वयक डॉ. शिवप्रताप सिंह भदौरिया के निर्देशन तथा विकास खण्ड समन्वयक सोहन सिंह भदौरिया के मार्गदर्शन में विकास खण्ड अटेर के सेक्टर क्र.2 सुरपुरा की नवांकुर संस्था पावनपथ समाज सेवा जनकल्याण समिति द्वारा ग्रामोदय से अभ्युदय मप्र अभियान के अंतर्गत सेक्टर स्तरीय कार्यक्रम का आयोजन ग्राम रिदौली में किया गया। जिसमें विकास खण्ड समन्वयक सोहन सिंह भदौरिया, नवांकुर संस्था प्रमुख अतुलकांत शर्मा, वरिष्ठ समाजसेवी जगदीश सिंह, परामर्शदाता अंकित धाकरे सहित सेक्टर अंतर्गत आने वाले प्रस्फुटन ग्राम रिदौली, परा, सुरपुरा एवं जमसारा के सदस्यगण अजय नरवरिया, योगेन्द्र, ब्रजेश, जगदीश सिंह, सतेन्द्र सिंह, सीएमसीएलडीपी के छात्र-छात्राएं एवं बड़ी संख्या में ग्रामवासी उपस्थित रहे।
इस अवसर पर विकास खण्ड समन्वयक सोहन सिंह भदौरिया ने कहा कि ग्रामोदय से अभ्युदय मप्र अभियान शासन और समाज के बीच सेतु का कार्य कर रहा है। यह अभियान केवल एक कार्यक्रम नहीं, बल्कि ग्रामीण भारत के सर्वांगीण विकास की दिशा में एक जनआंदोलन है। उन्होंने कहा कि ग्राम विकास तभी संभव है जब ग्रामवासी स्वयं अपनी जिम्मेदारी समझें और योजनाओं के क्रियान्वयन में सक्रिय भागीदारी निभाएं।
भदौरिया ने बताया कि अभियान के अंतर्गत सामाजिक समरसता, पर्यावरण संरक्षण, नशामुक्ति, स्वावलंबन, शिक्षा एवं संस्कार जैसे विषयों पर निरंतर कार्य किया जा रहा है। उन्होंने नवांकुर संस्थाओं एवं प्रस्फुटन समितियों से अपेक्षा व्यक्त की कि वे ग्राम स्तर पर शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी जन-जन तक पहुंचाएं, ताकि अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति को भी योजनाओं का वास्तविक लाभ मिल सके। उन्होंने युवाओं और सीएमसीएलडीपी के छात्र-छात्राओं से आह्वान किया कि वे अपने ज्ञान, कौशल और नेतृत्व क्षमता का उपयोग करते हुए गांवों में सकारात्मक परिवर्तन के वाहक बनें तथा ग्रामोदय से ही अभ्युदय का संकल्प साकार करें।
वरिष्ठ समाजसेवी जगदीश सिंह ने कहा कि समाज के सतत विकास के लिए सामूहिक प्रयास आवश्यक हैं। उन्होंने ग्रामवासियों से आपसी सहयोग, भाईचारे एवं सामाजिक जिम्मेदारी के साथ ग्राम उत्थान में योगदान देने का आह्वान किया। नवांकुर संस्था प्रमुख अतुलकांत शर्मा ने संस्था की गतिविधियों पर प्रकाश डालते हुए बताया कि पावनपथ समाजसेवा जनकल्याण समिति द्वारा ग्रामोदय से अभ्युदय अभियान के माध्यम से जागरूकता कार्यक्रम, सामाजिक संवाद और जनभागीदारी आधारित गतिविधियां निरंतर संचालित की जा रही हैं।
अजय नरवरिया ने कहा कि शासन की किसान हितैषी योजनाएं किसानों की आय बढ़ाने में सहायक हैं। उन्होंने प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि, फसल बीमा योजना, उन्नत बीज एवं मृदा स्वास्थ्य कार्ड जैसी योजनाओं की जानकारी देते हुए किसानों से इनका लाभ लेने की अपील की। साथ ही उन्होंने वैज्ञानिक खेती, जल संरक्षण एवं आपसी सहयोग से कृषि को सशक्त बनाने पर जोर दिया।
परामर्शदाता अंकित धाकरे ने कहा कि सीएमसीएलडीपी जैसे कार्यक्रम ग्रामीण युवाओं में नेतृत्व क्षमता विकसित करने का सशक्त माध्यम हैं। उन्होंने विद्यार्थियों को सामाजिक सरोकारों से जुड़कर कार्य करने के लिए प्रेरित किया। कार्यक्रम का संचालन योगेन्द्र सिंह ने तथा आभार प्रदर्शन अजय नरवरिया ने किया।


