– ग्रामोदय से अभ्युदय की सफलता में आपकी भूमिका सर्वोपरि: भदौरिया
– युवा शरीर का क्रम नहीं समग्र दृष्टि का विस्तार होना है: शर्मा
– अंतिम व्यक्ति को लाभ दिलाना ही अभियान का मुख्य लक्ष्य: बीसी
भिण्ड, 18 जनवरी। किसी भी कार्य को तक तक सफलता नहीं मिलती जब तक आपकी भावना पवित्र न हो, जन सेवा को हृदय में रखकर ग्रामोदय में जुटें तो अभियान की सफलता निश्चित है। यह बात नगर पालिका अध्यक्ष मंजू माहौर ने मप्र जन अभियान परिषद के तत्वावधान में शासकीय महाविद्यालय सभागार गोहद में आयोजित ग्रामोदय से अभ्युदय मप्र अभियान का गोहद में विकास खंड स्तरीय शुभारंभ कार्यक्रम में कही। इस अवसर पर परिषद के जिला समन्वयक शिवप्रताप सिंह भदौरिया, विधायक प्रतिनिधि विश्वनाथ सिंह, पार्षद लाखन सिंह, नवयुग हॉस्पिटल के डायरेक्टर लक्ष्मण सिंह तोमर, विषय विशेषज्ञ हरिओम गौतम, विकास खण्ड समन्वयक गोहद बृजेन्द्र शर्मा सहित समस्त विकास खण्ड की प्रस्फुटन समितियां, नवांकुर समितियां, मेंटर्स, छात्र, सीएम इंटर्न सहित अन्य समाजसेवी मौजूद थे।
नगर पालिका अध्यक्ष मंजू माहौर ने कहा कि ग्रामोदय से अभ्युदय अभियान को जितना मैं समझ पाई हूं यह अच्छा अभियान है, इसमें समाज के हर बिंदु को बारीकी से छुआ गया है। वाकई में समाज में इन बिंदुओं पर कार्य करने की आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि इस अच्छे अभियान हेतु आपको बधाई भी देती हूं और ग्राम में अच्छे से कार्य करें यह आव्हान भी करती है।
जिला समन्वयक शिवप्रताप सिंह भदौरिया ने कहा कि ग्रामोदय से अभ्युदय अभियान के अंतर्गत जो विषय दिए गए हैं, इन विषयों पर हमें ग्राम के प्रत्येक व्यक्ति को जागरूक करना है। उन्होंने कहा कि सामाजिक समरसता, नशा मुक्ति, शिक्षा और संस्कार आदि विषय भी महत्वपूर्ण है और गौ संरक्षण को लेकर सरकार के साथ समाज की भी भूमिका है। अब अभियान सेक्टर से ग्राम स्तर तक जाएगा आप सभी लोगों को पूरी तन्मयता के साथ इस अभियान को सफल बनाना है, साथ ही यह ध्यान भी रखना है कि आपके किए गए कार्यों को पोर्टल पर दर्ज करना भी आपकी जिम्मेदारी है, जिससे कि आपके कार्यों प्रमाणित हो सकें।
उन्होंने कहा कि गांव ही हमारी आत्मा है और हमें मिल जुलकर इसे मजबूत बनाना है। भारत कृषि प्रधान देश है। जिसका आधार ग्राम है, यदि कृषि में नवाचार आता है तो हमारे गांव आत्मनिर्भर बनेंगे। जन अभियान परिषद की समस्त इकाईयों के लिए यह कार्य करने का अच्छा अवसर है वह अपने आप को ग्रामों में कार्यों के माध्यम से अपनी पहचान बना सकती हैं, और सरकार की योजनाओं को भी अंतिम व्यक्ति तक पहुंचा सकती है। पर्यावरण संरक्षण का ही विषय ले लीजिए यह इतना महत्वपूर्ण बिंदु है कि यदि हम पर्यावरण को संरक्षित ही कर पाए तो सही मायने में इस अभियान की सफलता है। मप्र जन अभियान परिषद शासन और समाज के बीच एक सेतु की भूमिका में है।
स्वागत भाषण में ब्लॉक समन्वयक बृजेन्द्र शर्मा ने कहा कि कि मप्र जन अभियान परिषद सरकार की योजनाओं, उपलब्धियों एवं विकास कार्यक्रमों को गांव-गांव तक लेकर जाएंगे और ग्राम विकास के सरकार के लक्ष्य को पूरा करने, ग्रामोदय से अभ्युदय मप्र अभियान को जन-जन तक पहुंचाने का काम करेंगे। उन्होंने कहा कि ग्रामोदय से अभ्युदय अभियान को जन अभियान बनाने के लिए सभी समितियां और छात्र तैयार हैं और वह निरंतर ग्रामों में अपने सेक्टर में गतिविधियां संचालित करने को लेकर प्रतिबद्ध भी हैं। विषय विशेषज्ञ के रूप में हरिओम गौतम ने कहा कि नशा इस समय विकराल समस्या है, नई तरुणाई को जागरूक होने की आवश्यकता है। नशा कोई सृजन नहीं बल्कि विनाश करता है, इसलिए इसे त्यागे और त्यागने के लिए लोगों को जागरूक करें। उन्होंने नशा मुक्ति के विषय को विस्तार से रखा। युवा के रूप में अनमोल शर्मा ने कहा कि युवाओं को विवेकानंद जी से प्रेरणा लेना चाहिए। उन्होंने कहा युवा शरीर का क्रम नहीं समग्र दृष्टि का विस्तार होना है।
विधायक प्रतिनिधि विश्वनाथ सिंह ने कहा कि इस अभियान के बारे में जानकारी मिली अच्छा लगा इसमें सभी विषयों को समाहित किया गया है। अन्य विषय पर विस्तार से चर्चा की गई। विदित है कि इस अभियान के जरिए परिषद् की प्रस्फुटन समितियां, नवांकुर संस्थाएं, मुख्यमंत्री सामुदायिक नेतृत्व क्षमता विकास कार्यक्रम के सभी विद्यार्थी एवं परामर्शदाता, परिषद से जुड़ी स्वैच्छिक संस्थाएं, धार्मिक, सामाजिक, सांस्कृतिक एवं आध्यात्मिक संगठनों द्वारा भी सहभागिता की जाएगी। कार्यशाला का संचालन परामर्शदाता ज्योति चौहान और आभार प्रदर्शन विकासखंड समन्वयक गोहद बृजेन्द्र शर्मा ने किया।


