– 31 जनवरी तक बकाया बिजली बिलों पर मिलेगी छूट, कनिष्ठ यंत्री ने की लाभ उठाने की अपील
भिण्ड, 09 जनवरी। मप्र सरकार द्वारा बिजली उपभोक्ताओं को राहत देने के लिए लागू की गई ‘समाधान योजनाÓ के प्रचार-प्रसार हेतु शुक्रवार को विद्युत वितरण केन्द्र दबोह ने एक जागरूकता रैली निकाली। जिसका मुख्य उद्देश्य उपभोक्ताओं को योजना की अंतिम तिथि और मिलने वाली भारी छूट के बारे में जानकारी देना था। विद्युत विभाग के कार्यालय से शुरू हुई यह रैली नगर के मुख्य बाजारों और प्रमुख मार्गों से होकर गुजरी। रैली के दौरान विभाग के कर्मचारियों ने हाथों में बैनर लेकर आम जनता को योजना के लाभ बताए, विभाग द्वारा यह संदेश दिया गया कि जो उपभोक्ता लंबे समय से अपने बिजली बिलों का भुगतान नहीं कर पाए हैं, उनके लिए यह शासन की ओर से एक सुनहरा अवसर है।
रैली का नेतृत्व कर रहे दबोह विद्युत विभाग के कनिष्ठ यंत्री सुनील त्रिपाठी ने बताया कि समाधान योजना के तहत बकाया राशि पर सरकार द्वारा छूट दी जा रही है। उन्होंने स्पष्ट किया कि योजना का लाभ लेने की अंतिम तिथि 31 जनवरी निर्धारित है। उपभोक्ता अपने पुराने बकाया बिलों के अधिभार में बड़ी राहत प्राप्त कर सकते हैं। नियत तिथि के बाद उपभोक्ताओं को इस विशेष छूट का लाभ नहीं मिल सकेगा। कनिष्ठ यंत्री ने नगर वासियों और ग्रामीण क्षेत्र के उपभोक्ताओं से अपील करते हुए कहा कि सरकार की यह मंशा है कि कोई भी उपभोक्ता भारी भरकम बकाया के बोझ तले न दबे। समाधान योजना का लाभ लेकर आप अपने बिजली कनेक्शन को सुचारू रख सकते हैं और कानूनी कार्रवाई या कनेक्शन कटने जैसी असुविधा से बच सकते हैं। सभी पात्र उपभोक्ता जल्द से जल्द विद्युत कार्यालय पहुंचकर शासन की योजना का लाभ लें। उन्होंने स्पष्ट किया कि 31 जनवरी के बाद विभाग द्वारा बकायादारों के विरुद्ध विशेष अभियान चलाया जाएगा, जो लोग इस छूट का लाभ नहीं उठाएंगे, उनके कनेक्शन स्थाई रूप से विच्छेदित कर दिए जाएंगे और बकाया वसूली के लिए धारा के तहत कुर्की व कानूनी कार्रवाई की जाएगी।


