भिण्ड, 26 दिसम्बर. मनीष दुबे।
मप्र जन अभियान परिषद मेहगांव ने जल संवर्धन हेतु ब्लॉक समन्वयक जयप्रकाश शर्मा के नेतृत्व में ग्राम देवरी की नरिया पर ग्राम विकास प्रस्फुटन समिति देवरी के सदस्यों ने मिलकर कट्टों में मिट्टी और रेत भरकर अस्थाई बांध बनाकर बोरी बंधान कार्य किया, ताकि अनावश्यक रूप से बहने वाले पानी को रोक कर इस क्षेत्र में भूमिगत जल स्तर को बेहतर किया जा सके तथा मिट्टी के कटाव को रोका जा सके और रवी जैसी फसलों की सिंचाई के लिए पानी उपलब्ध हो सके, साथ ही ग्रामीण क्षेत्रों में जल संकट का समाधान हो सके।
ब्लॉक समन्वयक जयप्रकाश शर्मा ने बताया कि हमारी आने वाली पीढ़ी की जरूरत हेतु जल का संरक्षण करना बेहद आवश्यक है, नहीं तो आगामी कुछ वर्षों बाद हमारी आने वाली पीढ़ी को जल के लिए बहुत बड़ी मुसीबत का सामना करना पड़ सकता है। क्योंकि जल बनाया नहीं जा सकता, केवल बचाया जा सकता है, हम सभी की जिम्मेदारी है कि हम सभी जल का आवश्यकता अनुसार ही उपयोग करें, बेवजह जल का अपव्यय न करें, साथ ही वर्षा के जल का संरक्षण करने हेतु यथासंभव वाटर हार्वेस्टिंग द्वारा भूमिगत जलस्तर को बढ़ाने में अपनी भूमिका निभाएं। बिना टोंटी के चलने वाले नलों में टोंटी लगाकर पानी को व्यर्थ बहने से रोकें। साथ ही बारिश के मौसम में अधिक से अधिक पौधारोपण करने एवं अपने द्वारा लगाए गए पौधों को संरक्षित करने में अपनी भूमिका निभाएं।
कार्यक्रम के समापन पर उपस्थित लोगों ने जल संरक्षण की शपथ ली। इस अवसर पर नवांकुर संस्था से मुकेश कर्ण, प्रस्फुटन समिति अध्यक्ष कालीचरण शाक्य, अंकित, शिवराज, ऋषि, सुदामा, अजय, वारिस, गोपाली, गौरव, प्रिंस आदि मौजूद रहे।


