– कलेक्टर के साथ संत समाज की बैठक 22 को, आगे की रणनीति का होगा उदघोष
भिण्ड, 20 दिसम्बर। ग्वालियर-भिण्ड हाईवे सिक्सलेन बनाओ अभियान और गौ अभ्यारण को लेकर कालिका माता मन्दिर बघेली बहादुरपुरा पर संत समाज की बैठक हुई। जिसमें सर्व सम्मति से तय हुआ कि 29 दिसंबर सोमवार को संत समाज की मालनपुर टोल प्लाजा पर सभा होगी और आगे के अभियान के लिए निर्णय होगा।
अखिल भारतीय संत समिति की ओर से जारी प्रेस विज्ञप्ति में संत समाज के जिला अध्यक्ष कालीदास महाराज ने बताया कि 29 दिसंबर को ही एक दिवसीय टोल फ्री आंदोलन होगा और आगे की रणनीत पर उसी दिन निर्णय होगा। उन्होंने बताया कि 22 दिसंबर को सुबह 10 बजे भिण्ड कलेक्टर से मिहोना में गौ अभ्यारण को लेकर कोई प्रगति नहीं होने तथा ग्वालियर भिण्ड हाईवे पर हादसे रोकने के सुरक्षा उपायों, मप्र व केन्द्र सरकार को भिण्ड की जनता की भावना से अवगत कराने को लेकर चर्चा होगी। सोमवार को संत समाज का प्रतिनिधि मण्डल भिण्ड जिलाधीश से चर्चा करेंगे।
संत कालीदास महाराज ने कहा कि यह मानव जीवन बचाने की लड़ाई है, धर्म का कार्य है, महामण्डलेश्वर रामदास महाराज दंदरौआ धाम, महामण्डलेश्वर रामभूषण दास महाराज खनेता धाम, महामण्डलेश्वर हरिनिवास अवधूत चिलौंगा महाराज, संत समाज महामंत्री राघवपुरी महाराज मिहोनी, संत कमलदास महाराज टीकरी, प्रेमानंद सरस्वती चामुण्डा महाराज, प्रद्युम्न महाराज मसूरी, डॉ. शिवप्रताप महाराज पीठाधीश्वर त्रिमूर्ति सरकार देवगढ़ ऊमरी, त्यागी महाराज महंत शनिधाम, रामभजन दास महाराज महंत सिद्धेश्वर मन्दिर ग्वालियर, महामण्डलेश्वर नरसिंह दास महाराज, महामण्डलेश्वर मोहनानंद महाराज, संत राजेश्वरानंद महाराज रमा, वैष्णव दास महाराज, मूर्तिदास महाराज, रामधुनि दास महाराज, रामेश्वर दास महाराज मौजूद रहेंगे। जरूरत पड़ी तो इस धर्म युद्ध में अब संत समाज अपने प्राण देने से पीछे नहीं हटेगा। केन्द्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया से उम्मीद थी, वो भी अब धुंधली पड़ती दिख रही है। अब ईश्वर स्मरण के साथ गौवंश और समाज को बचाने सभी वर्ग, जाति धर्म से ऊपर उठकर एक साथ खड़े हो यह धार्मिक अनुष्ठान है। कालिका माता मन्दिर बघेली बहादुरपुरा में भारी संख्या में संत समाज मौजूद रहा।


