– लड़की से प्रेम विवाह करने से नाराज थे लड़की के परिजन
भिण्ड, 18 दिसम्बर। जिले के रावतपुरा थाना क्षेत्र के टोला गांव में प्रेम विवाह से नाराज चल रहे लड़की के परिजनों ने लड़के के माता-पिता को घेरकर हवाई फायरिंग की। साथ ही उनकी मोटर सायकिल में आग लगा दी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने दंपत्ति को सुरक्षित बाहर निकाला।
जानकारी के अनुसार बुधवार दोपहर को टोला गांव निवासी स्वामी शरण दुबे अपनी पत्नी के साथ गांव स्थित अपने घर आए हुए थे। इसी दौरान गांव के 7-8 लोगों ने उनके घर की घेराबंदी कर दी। जान का खतरा देख दंपत्ति घर के अंदर ही खुद को बंद कर लिया। आरोप है कि हमलावरों ने घर के बाहर ताबड़तोड़ हवाई फायरिंग शुरू कर दी और बाहर खड़ी स्प्लेंडर मोटर सायकिल में आग लगा दी गई। सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची, लेकिन तब तक आरोपी फरार हो चुके थे। पुलिस ने घर के अंदर फंसे पति-पत्नी को सुरक्षित बाहर निकालकर सुरक्षित स्थान पर भेजा और पीड़ित से शिकायती आवेदन लिया।
बताया जा रहा है कि करीब छह महीने पहले गांव की एक युवती ने फरियादी स्वामी शरण के बेटे से प्रेम विवाह किया था। इसी बात को लेकर गांव के कुछ लोगों में नाराजगी बनी हुई थी, जो इस घटना की वजह बताई जा रही है।


