– वाहनों के पीछे लगाए रेडियम स्टिकर
भिण्ड, 27 नवम्बर। गोहद क्षेत्र में सड़क हादसों की रोकथाम और लोगों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए पुलिस विभाग द्वारा बुधवार को रेडियम जागरूकता अभियान चलाया गया। इस दौरान पुलिस टीम ने रात के समय दुर्घटना की आशंका वाले मार्गों पर चलने वाली ट्रॉलियों, वाहनों और अन्य परिवहन साधनों के पीछे रेडियम स्टिकर लगाए।
अभियान के दौरान पुलिस अधिकारियों ने बताया कि कई वाहन बिना पीछे की लाइट के चलते हैं, जिससे अंधेरा होने पर दुर्घटनाओं का खतरा बढ़ जाता है। ऐसे वाहनों पर रेडियम लगाने से वे दूर से ही दिखाई देते हैं और हादसे की संभावना कम हो जाती है। पुलिस ने चालकों और राहगीरों को जागरूक करते हुए अपील की कि यदि किसी वाहन पर पीछे की लाइट खराब हो या न लगी हो, तो अनिवार्य रूप से रेडियम चिपका कर ही वाहन चलाएं। साथ ही, सुरक्षा नियमों का पालन करते हुए सड़क पर अन्य लोगों की भी सुरक्षा सुनिश्चित करने की सलाह दी गई। पुलिस के इस कदम की लोगों ने सराहना की और कहा कि ऐसे अभियान सड़क सुरक्षा को मजबूत बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। इस अभियान में थाना प्रभारी अभिषेक गौतम, उपनिरीक्षक वीरेन्द्र गुप्ता, आशीष यादव, प्रधान आरक्षक मनोज राजे, सौरभ भदौरिया, आरक्षक सुरेन्द्र कुमार, भूपेन्द्र जाट, सोनू मांझी आदि शामिल थे।


