– मालनपुर उप स्वास्थ्य केन्द्र में स्वास्थ्य सेवाओं पर संकट
– उप स्वास्थ्य केन्द्र में प्रसव से लेकर जांच और दवा वितरण तक पर संकट के बादल, स्टाफ की कमी से मरीजों की बढ़ सकती हैं मुश्किलें
भिण्ड, 22 अक्टूबर। औद्योगिक क्षेत्र मालनपुर के करीब 20 हजार की आबादी वाले क्षेत्र की स्वास्थ्य व्यवस्था पर कर्मचारियों के स्थानांतरण का असर पड़ता दिखाई दे रहा है। शासकीय उप स्वास्थ्य केन्द्र में पदस्थ स्टाफ नर्स, फार्मासिस्ट, लैब टेक्नीशियन (एलटी) और दवा वितरण से जुड़े कर्मचारियों सहित पांच कर्मियों को उनकी मूल पदस्थापना पर भेजे जाने के बाद स्वास्थ्य केन्द्र की व्यवस्थाएं प्रभावित होने की स्थिति बन गई है। ऐसे में सवाल उठ रहा है कि जब स्वास्थ्य केन्द्र में पर्याप्त स्टाफ ही नहीं रहेगा, तो मरीजों की जांच, दवा वितरण और गर्भवती महिलाओं की डिलीवरी जैसी जरूरी सेवाएं कैसे संचालित होंगी?
जानकारी के अनुसार मप्र सरकार की गाइडलाइन के तहत जारी स्थानांतरण आदेश के बाद स्वास्थ्य केन्द्र में कर्मचारियों की उपलब्धता प्रभावित हुई है। स्थानीय स्तर पर सामने आ रही जानकारी के मुताबिक, अब 24 घण्टे की स्वास्थ्य सेवाओं के संचालन की जिम्मेदारी महज एक नर्स के भरोसे रह जाने की चिंता जताई जा रही है। ऐसे में यदि एक साथ कई मरीज पहुंचते हैं या किसी गर्भवती महिला को तत्काल चिकित्सा सहायता की जरूरत पड़ती है, तो उपलब्ध स्टाफ पर काम का दबाव बढ़ना तय है।
जांच और दवा वितरण पर भी पड़ सकता है असर
स्वास्थ्य केन्द्र में फार्मासिस्ट और लैब टेक्नीशियन जैसे महत्वपूर्ण पदों पर कर्मचारियों की कमी होने से मरीजों को जांच और दवाओं के लिए परेशानी का सामना करना पड़ सकता है। औद्योगिक क्षेत्र होने के कारण मालनपुर में बड़ी संख्या में श्रमिक और उनके परिवार निवास करते हैं। ऐसे में स्थानीय लोगों को प्राथमिक स्वास्थ्य सेवाओं के लिए भी दूसरे अस्पतालों का रुख करना पड़े, तो समय और खर्च दोनों बढ़ सकते हैं।
20 हजार की आबादी के लिए पर्याप्त स्टाफ कब?
मालनपुर जैसे औद्योगिक क्षेत्र में शासकीय स्वास्थ्य केन्द्र स्थानीय लोगों के लिए प्राथमिक उपचार का महत्वपूर्ण सहारा है। ऐसे में कर्मचारियों की कमी स्वास्थ्य सेवाओं की निरंतरता को लेकर गंभीर सवाल खड़े करती है। स्थानीय स्तर पर मांग उठ रही है कि स्वास्थ्य विभाग मामले का संज्ञान लेकर आवश्यक पदों पर पर्याप्त स्टाफ की व्यवस्था करे, ताकि प्रसव, जांच, दवा वितरण और अन्य जरूरी सेवाएं प्रभावित न हों।
अब सवाल यह है कि क्या स्वास्थ्य विभाग मालनपुर की आबादी और जरूरतों को देखते हुए स्वास्थ्य केन्द्र में पर्याप्त कर्मचारियों की तैनाती करेगा, या फिर मरीजों को बेहतर इलाज के लिए दूसरे अस्पतालों पर निर्भर रहना पड़ेगा?


