– दो चरणों में संपन्न हुआ कार्यक्रम
भिण्ड। अखिल भारतीय साहित्य परिषद जिला शाखा भिण्ड द्वारा हिन्दी पखवाड़े के शहर के शिक्षक कॉलोनी में कार्यक्रम आयोजित किया गया। प्रथम चरण में महाकवि बंकिमचंद्र चट्टोपाध्याय द्वारा लिखित ऐतिहासिक उपन्यास आनंद मठ पर राउण्ड टेबल चर्चा की गई।
चर्चा का प्रारंभ करते हुए परिषद की जिला अध्यक्ष डॉ. परमाल सिंह कुशवाह ने बताया बंकिमचंद्र चट्टोपाध्याय द्वारा लिखित यह उपन्यास सन 1882 में प्रकाशित हुआ। इस उपन्यास में 1770 के सन्यासी विद्रोह और बंगाल की पृष्ठ भूमि पर आधारित है। उन्होंने बताया कि इसी उपन्यास में लिखे गए गीत वंदे मातरम आगे चलकर आजादी के दीवानों के लिए महामंत्र बना, वर्तमान में यह हमारा राष्ट्रीय गीत है। पत्रकार रामशंकर शर्मा ने आनंद मठ की देश काल परिस्थिति एवं वातावरण से परिचित कराया। डॉ. सुखदेव सिंह सेंगर द्वारा आनंद मठ के प्रमुख पात्रों के बारे में बताया गया। सभी साहित्यकारों एवं विद्यार्थियों ने इस चर्चा में भाग लिया एवं पुस्तक को पढ़ने का संकल्प भी लिया।
द्वितीय चरण में कवयित्री डॉ. शशिवाला राजपूत की अध्यक्षता में काव्य गोष्ठी का आयोजन किया गया। बतौर मुख्य अतिथि गीतकार संतोष अवस्थी अंश मौजूद रहे। संचालन गजलकार हसरत हयात ने किया। जिसमें अभा साहित्य परिषद जिला इकाई के संरक्षक डॉ. सुखदेव सिंह सेंगर, अंजुम मनोहर, हसरत हयात, संतोष अवस्थी अंश, राधा तोमर, दशरथ सिंह कुशवाह डॉ. परमाल सिंह कुशवाह, डॉ. शशिवाला राजपूत, राधारमन वाजपेयी, दर्शन लाल गौड़, रामशंकर शर्मा आदि कवियों ने अपनी प्रतिनिधि रचनाएं पढ़ी। अंत में हिंदी की सेवा में अनवरत संलग्न रहने वाले कवि अंजुम मनोहर को हिंदी की सुदीर्घ सेवा के लिए साहित्य परिषद द्वारा शॉल, श्रीफल, सम्मान पत्र एवं कलम भेंट कर सम्मानित किया गया। आभार प्रदर्शन परिषद के जिलाध्यक्ष डॉ. परमाल सिंह कुशवाह द्वारा किया गया।


