-जनपद अटेर की ग्राम पंचायत बरोही में घोटाले का आरोप
भिण्ड, 23 जून। जिले के जनपद अटेर की ग्राम पंचायत बरोही में गरीबों की सरकारी राशि हड़पने के मामले में बरोही निवासी विधिक प्रतिनिधि आलोक पाराशर ने फर्जीवाड़ा होने का आरोप लगाया है।
उन्होंने आरोप लगाते हुए बताया कि जिन महिलाओं ने कभी मजदूरी नहीं की, उनके नाम पर फर्जी हाजिरी दिखाकर मनरेगा का पैसा निकाला गया। गरीबों को झांसा देकर अंगूठे के निशान लिए गए और उनके नाम पर फर्जी सिम व फिनो बैंक खाते खोल दिए गए। आरोपी 4 साल से इन खातों के एटीएम और सिम अपने पास रखकर लाड़ली बहना, आवास व मनरेगा की राशि खुद निकाल रहे थे।
भ्रष्टाचार छुपाने के लिए स्थानीय अफसरों ने सीएम हेल्पलाइन 181 की शिकायतों को जबरन बंद कर दिया। शिकायत संख्या 6647415- राशि आहरण की इस गंभीर शिकायत को बिना जांच मांग श्रेणी में डालकर बंद किया गया। शिकायत संख्या 7428204- घटिया सड़क निर्माण की शिकायत को आपसी रंजिश बताकर स्पेशल बंद कर दिया गया। शिकायतकर्ता ने मांग की है कि बरोही पंचायत के सभी करीब एक सैकड़ा गरीबों के बैंक खातों की स्वतंत्र जांच हो ताकि स्थानीय दबाव काम न करे। शिकायतकर्ता का कहना है कि बंद शिकायतें री-ओपन न होने पर भिण्ड एसपी और केन्द्रीय सतर्कता आयोग को सूचना देने के बाद उच्च न्यायालय में क्रिमिनल रिट पिटीशन दायर की जाएगी।

