– निर्माण स्थल की सीढ़ी का इस्तेमाल कर हुआ फरार
भिण्ड, 08 जून। गोहद उपजेल से सोमवार दोपहर एक बंदी के फरार होने से जेल प्रशासन में हड़कंप मच गया। बंदी ने निर्माण कार्य में लगी सीढ़ी का सहारा लेकर जेल की करीब 16 फीट ऊंची पिछली दीवार फांद दी और फरार हो गया।
उपजेल प्रशासन द्वारा थाना गोहद को दिए गए आवेदन के अनुसार कैदी अनिल जाटव पुत्र रामसिंह निवासी खैराली थाना अमायन, वर्तमान निवासी वार्ड क्र.13 द्वारकापुरी मौ दोपहर करीब 2:15 से 2:30 बजे के बीच जेल से भाग निकला। वह बीएनएस एवं पॉक्सो एक्ट से संबंधित प्रकरण में न्यायिक अभिरक्षा में बंद था। सूत्रों के अनुसार जेल परिसर में चल रहे निर्माण कार्य के दौरान लगी सीढ़ी का उपयोग कर बंदी ने सुरक्षा व्यवस्था को धता बताते हुए दीवार पार कर ली। कैदियों की गिनती के दौरान एक बंदी कम मिलने पर घटना का खुलासा हुआ, जिसके बाद जेल प्रशासन हरकत में आया। घटना की जानकारी मिलते ही एसडीएम राजन बी. नाड़िया सहित जेल प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंच गए और स्थिति का जायजा लिया। वहीं थाना प्रभारी अभिषेक गौतम ने बताया कि जेल प्रशासन का पत्र प्राप्त होते ही पुलिस टीमों को फरार बंदी की तलाश में रवाना कर दिया गया है।
गौरतलब है कि गोहद उपजेल से कैदी के फरार होने की यह पहली घटना नहीं है। इससे पहले भी यहां से बंदी फरार होने का मामला सामने आ चुका है, जिससे सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े हो रहे हैं।


