– लहार में निकाला गया चल समारोह, जगह-जगह हुई पुष्पवर्षा
भिण्ड, 19 अप्रैल। अक्षय तृतीया के पावन अवसर पर जिलेभर में भगवान परशुराम जयंती श्रद्धा और उल्लास के साथ मनाई गई। भिण्ड शहर में वायपास रोड पर स्थित परशुराम मंदिर में ब्राह्मण महासभा द्वारा विधि-विधान से रुद्राभिषेक किया गया।
सुबह से ही मन्दिर परिसर में भक्तों की भीड़ जुटने लगी थी। करीब दो घण्टे तक चले इस रुद्राभिषेक में मंत्रोच्चार, पूजा-अर्चना और आरती का आयोजन हुआ। साथ ही सुंदरकाण्ड का पाठ भी किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में समाज के लोग शामिल हुए। पूरे वातावरण में भक्ति और आस्था का माहौल बना रहा। आयोजन में ब्राह्मण महासभा संरक्षक भगवान दास बाबा, ओमप्रकाश पुरोहित, जिलाध्यक्ष सतीश जोशी, महासभा महिला की जिलाध्यक्ष उमा राजौरिया, शशिकांत राजौरिया सहित समाज के सैकड़ों लोग मौजूद रहे।
लहार में पूजन के बाद निकाला चल समारोह
लहार नगर में ब्राह्मण समाज ने भव्य चल समारोह निकाला। नया बस स्टैण्ड के पास स्थित परशुराम मन्दिर से पूजा-अर्चना के साथ कार्यक्रम की शुरुआत हुई। नितिन भारद्वाज द्वारा वैदिक मंत्रोच्चार के बीच पूजा संपन्न कराई गई, जिसके बाद चल समारोह प्रारंभ हुआ, जिसमें बड़ी संख्या में समाज के लोग शामिल हुए। यह जुलूस नया बस स्टैंड से शुरू होकर बरुआन पुरा चौराहा, मढ़यापुरा चौराहा, मझतौरा चौराहा होते हुए मुख्य बाजार से गुजरकर पचपेड़ा क्षेत्र तक पहुंचा, जहां विधिवत पूजा-अर्चना के साथ समापन किया गया। रास्ते भर जगह-जगह पुष्प वर्षा कर श्रद्धालुओं का स्वागत किया गया। कई स्थानों पर मंच बनाकर आरती और पूजन किया गया। क्षेत्रीय जनप्रतिनिधियों ने भी कार्यक्रम में भाग लिया। पूरे आयोजन के दौरान भगवान परशुराम की जय के जयकारों से माहौल गूंजता रहा। यह कार्यक्रम डॉ. विनोद तिवारी की देखरेख में आयोजित हुआ।


