– 18 अप्रैल निकाली जाएगी भव्य कलश यात्रा
भिण्ड, 17 अप्रैल। दबोह नगर के वार्ड क्र.15 स्थित पं. दीनदयाल नगर पुरानी हाट नरसिंह मन्दिर परिसर में 19 अप्रैल से भव्य धार्मिक महोत्सव का आयोजन होने जा रहा है, जिसकी तैयारियां पूर्ण हो चुकी हैं। श्रीबिहा नरसिंह महाराज भक्त मण्डल एवं समस्त क्षेत्र वासियों के तत्वावधान में आयोजित इस कार्यक्रम में नव कुण्डीय लक्ष्मीनारायण महायज्ञ, श्रीमद् भागवत सप्ताह ज्ञान एवं रामलीला मंचन की त्रिवेणी बहेगी।
18 अप्रैल को दोपहर एक बजे कार्यक्रम स्थल से एक भव्य कलश यात्रा नगर का भ्रमण करते हुए मां रणकौशला के पावन स्थल पर पहुंचेगी। कार्यक्रम का श्रीगणेश 19 अप्रैल रविवार को दोपहर एक बजे किया जाएगा। अगले दिन 20 अप्रैल सोमवार को देव स्थापना, मण्डप पूजन एवं अग्नि मंथन का विधान संपन्न होगा। यज्ञ की पूर्णाहूति 26 अप्रैल रविवार को कन्या पूजन, संत पूजन एवं विशाल भंडारा प्रसाद के साथ होगी। इस महोत्सव में आध्यात्मिक रस घोलने के लिए कथा व्यास आचार्य हरगोविन्द वाजपेयी हरिबोल कुटीर, हरिद्वार व यज्ञाचार्य आचार्य आलोक उपाध्याय शास्त्री चित्रकृट धाम प्रख्यात विद्वान पधार रहे हैं।
आयोजकों ने बताया कि श्रीमद् भागवत कथा प्रतिदिन दोपहर एक बजे से शम 5 बजे तक, रामलीला मंचन प्रतिदिन शाम 7 बजे से रात्रि 12 बजे तक, वहीं मुख्य यजमान एवं आयोजक यज्ञ परीक्षित के रूप में सूची-अरुण दुबे चुखरु महाराज दावनी और भागवत परीक्षित के रूप में छाया देवी-महेश कुमार रायकवार सेवा देंगे। कार्यक्रम के मुख्य संरक्षक के रूप में प्रद्युम्न सिंह परिहार भगत एवं मन्दिर के पुजारी सहित क्षेत्र के गणमान्य नागरिक सक्रिय भूमिका निभा रहे हैं। श्रीबिहा नरसिंह महाराज भक्त मण्डल ने क्षेत्र के समस्त श्रद्धालुओं से अधिक से अधिक संख्या में पधारकर धर्म लाभ उठाने की अपील की है।


