– करीब 90 लाख रुपए के नुकसान का अनुमान
भिण्ड, 15 अप्रैल। गोरमी क्षेत्र में स्थित उपाध्याय फर्नीचर हाउस में मंगलवार-बुधवार की दरम्यानी रात करीब 2 बजे भीषण आग लग गई। आग इतनी तेजी से फैली कि देखते ही देखते दुकान के साथ पूरा तीन मंजिला मकान इसकी चपेट में आ गया। इस हादसे में एक महिला की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि परिवार के तीन लोग गंभीर रूप से झुलस गए हैं, जिन्हें इलाज के लिए जिला अस्पताल भिंड में भर्ती कराया गया है।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार दुकान मकान की निचली मंजिल पर संचालित थी, जहां शॉर्ट सर्किट से आग भड़की और धीरे-धीरे ऊपर की मंजिलों तक पहुंच गई। उस समय परिवार के सदस्य ऊपर सो रहे थे। अचानक धुआं और आग की लपटें फैलने से अफरा-तफरी मच गई। धुएं के कारण दम घुटने से 53 वर्षीय सुनीता पत्नी अरुण उपाध्याय की मौत हो गई। वहीं 9 वर्षीय लकी, 31 वर्षीय वासु और 55 वर्षीय अरुण उपाध्याय घायल हो गए।
घटना की सूचना मिलते ही गोरमी थाना प्रभारी आशुतोष शर्मा पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। वहीं फायर ब्रिगेड की टीम ने करीब 15 गाड़ियों के पानी की मदद से कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। तब तक दुकान में रखा लाखों का फर्नीचर, सोफा, फ्रिज, टीवी सहित अन्य सामान जलकर पूरी तरह राख हो चुका था। पुलिस के मुताबिक प्रारंभिक जांच में आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट माना जा रहा है, पुलिस मामले की जांच की जा रही है। मृतका का शव पोस्टमार्टम के लिए पीएचसी गोरमी में भेजा गया है। इस हादसे में करीब 90 लाख रुपए के नुकसान का अनुमान लगाया गया है।


