– जल गंगा संवर्धन अभियान अंतर्गत वृक्ष पूजन कार्यक्रम आयोजित
भिण्ड, 25 मार्च। मप्र जन अभियान परिषद (योजना, आर्थिक एवं सांख्यिकी विभाग मप्र शासन) द्वारा ब्लॉक मेहगांव के सेक्टर क्र.3 अंतर्गत चयनित प्रस्फुटन ग्राम गिंगरखी में जल संवर्धन के उद्देश्य से ग्राम विकास प्रस्फुटन समिति गिंगरखी द्वारा जल गंगा संवर्धन अभियान के अंतर्गत वृक्ष पूजन कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में ब्लॉक समन्वयक जयप्रकाश शर्मा उपस्थित रहे।
जल संरक्षण एवं संवर्धन के महत्व को जन-जन तक पहुंचाने के उद्देश्य से चलाए जा रहे जल गंगा संवर्धन कार्यक्रम में ब्लॉक समन्वयक जयप्रकाश शर्मा ने कहा कि जल गंगा संवर्धन अभियान 19 मार्च से 30 जून तक तीन चरण में संचालित किया जा रहा है, जिसमें प्रथम चरण जल शक्ति से नव भक्ति कार्यक्रम (19 से 27 मार्च), द्वितीय चरण जल स्त्रोत सेवा संगम कार्यक्रम (28 मार्च से 4 जून) एवं तृतीय चरण बावड़ी उत्सव कार्यक्रम (5 जून से 30 जून) होंगे। वृक्ष पूजन का उद्देश्य पर्यावरण के प्रति जागरूकता फैलाने और ग्रामीणों में प्रकृति के प्रति सम्मान और जिम्मेदारी की भावना को भी सुदृढ़ करना है। वृक्ष हमारे जीवन का अभिन्न हिस्सा हैं। वे ऑक्सीजन के साथ-साथ जल संरक्षण, मृदा संरक्षण और पर्यावरण संतुलन बनाए रखने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। जल गंगा संवर्धन अभियान का मुख्य उद्देश्य जल स्त्रोतों का संरक्षण, वर्षा जल संचयन को बढ़ावा देना तथा अधिक से अधिक पौधारोपण के माध्यम से हरित आवरण बढ़ाना है। उन्होंने ग्रामीणों से अपील करते हुए कहा कि इस अभियान को जन आंदोलन बनाएं और अधिक से अधिक लोगों को इससे जोड़ें।
प्रस्फुटन समिति अध्यक्ष संजीव शर्मा ने कहा यदि हम वर्षा जल का सही तरीके से संग्रहण करें और जल स्त्रोतों को प्रदूषित होने से बचाएं, तो भविष्य में जल संकट से काफी हद तक निपटा जा सकता है। जल गंगा संवर्धन अभियान की पहल आने वाली पीढ़ियों के लिए एक सुरक्षित और स्वच्छ पर्यावरण सुनिश्चित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा। अंत में उपस्थित लोगों ने वृक्षों को रक्षा सूत्र बांधकर संकल्प लिया कि अपने जीवन में जल का दुरुपयोग नहीं करेंगे, जल और पर्यावरण संरक्षण के प्रति सदैव सजग रहेंगे। कार्यक्रम में उदय सिंह, वीर नारायण, साक्षी, अर्चना, ईर्षा, धर्म नारायण, अजय, अभिषेक आदि उपस्थित रहे।


