– नाम बदलकर ग्वालियर व भोपाल में रह रहा था आरोपी
भिण्ड, 03 मार्च। पुलिस अधीक्षक डॉ. असित यादव के मार्गदर्शन व एएसपी संजीव पाठक, सीएसपी निरंजन सिंह राजपूत के निर्देशन में थाना प्रभारी देहात मुकेश शाक्य के नेतृत्व में जिले में इनामी बदमाश व स्थाई वारंटियों की धरपकड़ की काईवाई जारी है। इसी तारतम्य में रविवार को को देहात थाना पुलिस ने पिछले 14 वर्ष से फरार 10 हजार रुपए की इनामी स्थाई वारंटी को पकड़ा है। यह आरोपी होली के त्यौहार पर अपने घर आया था, जिसे मुखबिर की सूचना से पकड़ा गया।
उक्त स्थाई वारंटी द्वारा वर्ष 1999 में संपन्न हुए लोकसभा चुनाव में ग्राम मुरलीपुरा के मतदान केन्द्र पर पत्थरबाजी व हवाई फायर कर मतदान होने में अवरोध पैदा किया था। जिस पर से आरोपी के विरुद्ध अपराध पंजीबद्ध किया गया था। आरोपी जमानत होने के उपरांत पुन: फरार हो गया था। उक्त आरोपी शातिर किस्म का था जो अपना नाम व भेष बदल-बदल कर भोपाल व ग्वालियर में रहकर अपनी गिरफ्तारी से बचता रहा। लेकिन पुलिस द्वारा मुखबिर तंत्र सक्रिय रहा जैसे ही मुखबिर द्वारा पता चला कि वह होली के त्यौहार पर अपने गांव में आ गया है। पुलिस ने उसे घेराबंदी कर अपनी गिरफ्त में लेकर न्यायालय पेश किया। न्यायालय ने उसे जेल भेज दिया है। इस कार्रवाई में निरीक्षक मुकेश शाक्य, उपनिरीक्षक अजय यादव, सउनि कासिम खान, प्रधान आरक्षक गुरुदास सोही, आरक्षक महेन्द्र यादव, प्रदीप यादव, दिलीप कुमार, अजय सगर की महत्वपूर्ण भूमिका रही है।


