– एससी/एसटी एक्ट में केस दर्ज होने से सवर्ण समाज में नाराजगी
भिण्ड, 18 फरवरी। सवर्ण समाज के चार लोगों के खिलाफ अनुसूचित जाति एवं जनजाति अधिनियम एवं अन्य धाराओं के तहत मामला दर्ज किए जाने पर करणी सेना, परशुराम सेना एवं अन्य सवर्ण समाज संगठनों के कार्यकर्ता ने मेहगांव पुलिस थाने पर प्रदर्शन कर अन्य वर्ग के आरोपियों पर मामला दर्ज करने का मामला उठाया।
जानकारी के अनुसार बीते दिनों कोंहार गांव में कुछ लोगों के बीच विवाद हुआ था। इसके बाद मेहगांव थाने में सवर्ण समाज से जुड़े चार लोगों के खिलाफ अनुसूचित जाति एवं जनजाति अधिनियम सहित मारपीट की धाराओं में मामला दर्ज कराया गया। इस एफआईआर के विरोध में बुधवार को करणी सेना, परशुराम सेना, सवर्ण आर्मी सहित अन्य सवर्ण समाज संगठनों के कार्यकर्ता एकजुट होकर मेहगांव थाने पहुंचे। यहां करीब चार घंटे तक धरना-प्रदर्शन कर निष्पक्ष कार्रवाई की मांग की गई। बताया गया है कि विगत दिवस किसी मामले को लेकर भीम आर्मी से जुड़े कुछ सदस्यों और सुमित भदौरिया, अमित दांतरे व कान्हा भदौरिया के बीच कहासुनी और विवाद हो गया। विवाद के बाद भीम आर्मी के पदाधिकारियों ने थाने पहुंचकर तीनों के खिलाफ एससी/एसटी एक्ट सहित मारपीट की धाराओं में एफआईआर दर्ज कराई। इसी कार्रवाई के विरोध में बुधवार दोपहर करीब 500 से अधिक कार्यकर्ता मेहगांव थाने पहुंचे और पुलिस प्रशासन से निष्पक्ष जांच की मांग की। प्रदर्शन के बाद पुलिस ने सुमित भदौरिया की शिकायत पर विपिन जाटव, आनंद जाटव, संदीप जाटव और बलवीर जाटव के खिलाफ भी मामला दर्ज किया।
धरना-प्रदर्शन में परशुराम सेना अध्यक्ष देवेश शर्मा, राष्ट्रीय राजपूत करणी सेना अध्यक्ष संतोष भदौरिया, राष्ट्रीय हिन्दू शक्ति संगठन अध्यक्ष शुभम पचौरी, सत्य सेवा संघ अध्यक्ष आदेश मिश्रा और बांके बिहारी शर्मा सहित सैकड़ों कार्यकर्ता मौजूद रहे।


