– सड़क किनारे मिली थी अज्ञात महिला की सिर कटी लाश
भिण्ड, 16 फरवरी। जिले के मौ थाना क्षेत्र में गत 3 फरवरी को सड़क के किनारे अज्ञात महिला का सिर कटा हुआ शव मिला था। इस मामले को पुलिस उप महानिरीक्षक/ पुलिस अधीक्षक डॉ. असित यादव ने गंभीरता से लिया। एएसपी संजीव पाठक के निर्देशन एवं एसडीओपी गोहद महेन्द्र सिंह गौतम के मार्गदर्शन में मौ थाना पुलिस ने अंधु कत्ल की गुत्थी सुलझा कर मामले में 4 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।
जानकारी के अनुसार गत 3 फरवरी को ग्राम खेरिया चांदन के पास मौ बेहट रोड पर टोल टैक्स के आगे रोड के किनारे एक अज्ञात महिला का शव सिर कटा हुआ मिला था। उस वक्त महिला की पहचान नहीं हो सकी थी, ग्राम खेरिया चांदन कोटवार की सूचना पर से थाना मौ में अपराध क्र.16/2026 धारा 103(1), 238 बीएनएस का पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया था। विवेचना के दौरान अज्ञात मृतिका महिला के दाहिने हाथ में एचआर तथा बाएं हाथ की कलाई में होतम गुदना होने से फोटो तथा वीडियो भिण्ड, ग्वालियर, मुरैना, दतिया, शिवपुरी तथा बिहार, उत्तर प्रदेश, राजस्थान, जम्मू-कश्मीर राज्यो में सोशल मीडिया के माध्यम से प्रसारित कराए गए जिसके आधार पर उक्त अज्ञात महिला मृतिका की पहचान निवासी ग्राम झांकरी थाना मौ जिला भिण्ड मायका मधुआ थाना झाझा जिला जमुई बिहार के नाम से हुई।
इस संबंध में संदेहियों को पुलिस अभिरक्षा में लेकर पूछताछ की गई तो पता चला कि उसका पति, देवर तथा उनका रिस्तेदार व दोस्त ने जम्मू कश्मीर में मारने का प्लान तैयार कर ट्रेन से मौ लेकर आए थे जहां चाकू और गला घोटकर उसकी हत्या कर दी थी मृतिका महिला की पहचान छिपाने के लिए सिर काटकर बैसली नदी बरासो में फैक दिया था आरोपीगणों को पुलिस अभिरक्षा में लेकर घटना में प्रयुक्त चाकू व कपड़े व मोटर साइकिल को जब्त किया गया है। मृतिका का कटा हुआ सिर को बैसली नदी में खोजा जा रहा है। पुलिस अधीक्षक द्वारा अज्ञात महिला मृतिका की पहचान व आरोपीगणों की गिरफ्तारी हेतु 10 हजार रुपए का इनाम घोषित किया था।
इनकी हुई गिरफ्तारी
उक्त मामले मौ थाना पुलिस ने जिन चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है, उनमें होतम पुत्र रामकेश कुशवाह उम्र 28 साल, राजकुमार पुत्र रामकेश कुशवाह उम्र 24 साल निवासीगण ग्राम झाकरी, छोटू उर्फ नौबत पुत्र रामलखन कुशवाह उम्र 19 साल निवासी ग्राम डोडनपूरा थाना बरासो, नीरज उर्फ भूरे पुत्र भिखारीलाल धानुक उम्र 21 साल निवासी ग्राम बिलाव थाना ऊमरी जिला भिण्ड है।
इनकी रही सराहनीय भूमिका
इस कार्रवाई में थाना मौ निरीक्षक रघुवीर मीणा, उपनिरीक्षक प्रवेन्द्र सिंह, प्रदीप सिंह भदौरिया, विवेक प्रभात चौकी झांकरी, सउनि नेतराम सिंह, प्रधान आरक्षक महेश कुमार (सायवर सेल), सुनील शर्मा, मदनबिहारी दीक्षित, आरक्षक आकाश परिहार, अरविन्द सिंह, पदम सिंह, राकेश तोमर, शत्रुघन सिंह गुर्जर, राघवेन्द्र सिंह गुर्जर, आदित्य गुर्जर, मोनू किरार, पंकज शुक्ला, रविकांत शर्मा, श्याम सिंह गुर्जर, लाल सिंह, दिनेश तोमर, रवि कदम, चालक अचित्र सेंगर की सराहनीय भूमिका रही।


